Sugarcane Farming: उन्नत तकनीक से गन्ना खेती को मिलेगा नया आयाम, 267 गांवों के किसानों को दिया जा रहा वैज्ञानिक प्रशिक्षण
प्रदेश में गन्ना उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए राज्य सरकार आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा दे रही है। इसी कड़ी में सूरजपुर जिले के मां महामाया सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, केरता द्वारा गन्ना उत्पादक किसानों को वैज्ञानिक खेती का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण और किसान चौपाल के माध्यम से किसानों को उन्नत खेती की तकनीकों से जोड़कर उत्पादन बढ़ाने, लागत कम करने और गुणवत्ता सुधारने का प्रयास किया जा रहा है।
कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर कारखाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में प्रशिक्षण एवं किसान चौपाल आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान के तहत सूरजपुर, बलरामपुर और सरगुजा जिले के 267 गांवों के गन्ना उत्पादक किसानों को आधुनिक खेती की नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।
267 गांवों के किसानों को मिल रहा प्रशिक्षण
मां महामाया सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में सूरजपुर, बलरामपुर और सरगुजा जिले के 267 गांवों के किसानों को शामिल किया जा रहा है। इसका उद्देश्य गन्ना उत्पादन में वृद्धि, खेती की लागत में कमी और किसानों की आय बढ़ाना है।
वैज्ञानिक खेती की दी जा रही जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों को उन्नत किस्म के बीजों का चयन, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, जल संरक्षण, वैज्ञानिक सिंचाई पद्धति, कीट एवं रोग नियंत्रण सहित आधुनिक कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी कृषि विशेषज्ञों द्वारा दी जा रही है।
किसान चौपाल में बढ़-चढ़कर ले रहे हिस्सा
ग्राम परसवार, मायापुर-1, बैकोना, पोडिया, बगड़ा, मायापुर-2, सुंदरगंज, दुप्पी, रेवतपुर, कुंदीकला, अखोराखुर्द, टुकुडांड, पोपरंगा, महोरा, धरमपुर और रुखपुर सहित विभिन्न गांवों में आयोजित किसान चौपाल में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर आधुनिक खेती की जानकारी प्राप्त की।
खेतों का कराया जा रहा व्यवहारिक भ्रमण
प्रशिक्षण के साथ किसानों को गन्ना खेतों का व्यवहारिक भ्रमण भी कराया जा रहा है। इस दौरान लाइन से लाइन की उचित दूरी, अधिक उत्पादन देने वाली उन्नत किस्मों का चयन, कीट एवं रोगों की पहचान तथा प्रभावी नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
कारखाना प्रबंधन ने किसानों से आधुनिक तकनीकों को अपनाकर अधिक उत्पादन और बेहतर गुणवत्ता का गन्ना तैयार करने की अपील की है। इससे क्षेत्र में गन्ना उत्पादन बढ़ने के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।



