छत्तीसगढ़

Flood Alert: उफनती आगर नदी में फंसा वाहन, ग्रामीणों ने मानव श्रृंखला बनाकर बचाए 25 यात्री

कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड के वनांचल क्षेत्र में गुरुवार शाम बड़ा हादसा होते-होते टल (Flood Alert) गया। लगातार बारिश के कारण उफान पर आई आगर नदी के ढोलढोली रपटे को पार करते समय 25 यात्रियों से भरा एक एसएमएल वाहन तेज बहाव में फंस गया। पानी का दबाव बढ़ने से वाहन असंतुलित होकर तिरछा हो गया। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मानव श्रृंखला बनाकर महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों समेत सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

तेज बहाव में फंसा वाहन, मची चीख-पुकार Flood Alert

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना शाम करीब पांच बजे की है। नदी का जलस्तर बढ़ा होने के बावजूद चालक ने रपटा पार करने का प्रयास किया। जैसे ही वाहन बीच धारा में पहुंचा, तेज बहाव के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया। एक पहिया रपटे से नीचे उतर गया, जबकि दूसरा ऊपर फंस गया। वाहन तिरछा होते ही उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर किया रेस्क्यू

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने मानव श्रृंखला बनाकर सबसे पहले महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद बुजुर्गों सहित अन्य यात्रियों को भी एक-एक कर नदी से निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। ग्रामीणों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

कई गांवों का संपर्क हुआ प्रभावित

लगातार बारिश के कारण आगर नदी का जलस्तर बढ़ने से छिंदीडीह, सारपानी समेत मध्यप्रदेश की सीमा से लगे कई गांवों का संपर्क प्रभावित (Flood Alert) हो गया है। ढोलढोली रपटा डूब जाने से वनांचल क्षेत्र के लोगों को लंबा चक्कर लगाकर आवाजाही करनी पड़ रही है।

स्थायी पुल निर्माण की उठी मांग

ग्रामीणों का कहना है कि ढोलढोली रपटा कई सीमावर्ती गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। बरसात के मौसम में यह हर साल जलमग्न हो जाता है, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ जाती है। शादियों के मौसम में क्षमता से अधिक यात्रियों को लेकर वाहन चालक उफनते रपटों से गुजरते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से ढोलढोली रपटे की जगह ऊंचे और स्थायी पुल का निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे बरसात के दौरान गर्भवती महिलाओं, गंभीर मरीजों और ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

Related Articles

Back to top button