छत्तीसगढ़बिजनेस

Sugar Prices: गन्ने से एथेनॉल उत्पादन बढ़ने का असर, एक महीने में चीनी 10 रुपए प्रति किलो महंगी

-Sugar Prices: केंद्र ने मिलों के लिए गन्ने के रस का कोटा तय किया
-थोक व्यापारियों के लिए 4 सौ टन की सीमा
-बाजार में और तेजी के संकेत

बिलासपुर/नवप्रदेश। गन्ने से एथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देने की नीति (Sugar Prices) का असर अब चीनी बाजार पर साफ दिखाई देने लगा है। केंद्र सरकार द्वारा शक्कर मिलों को एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के रस का निर्धारित कोटा आवंटित किए जाने के बाद मिलों ने चीनी के दाम बढ़ा दिए हैं। इसका सीधा असर थोक और खुदरा बाजार में देखने को मिल रहा है।


Sugar Prices: बिलासपुर के थोक बाजार में मंगलवार को चीनी का भाव 5,200 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि खुदरा बाजार में उपभोक्ताओं को 56 से 57 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी खरीदनी पड़ी। व्यापारियों के अनुसार पिछले एक माह में चीनी के खुदरा दाम में करीब 10 रुपये प्रति किलो की वृद्धि हुई है। जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार ने चीनी की उपलब्धता और वितरण को नियंत्रित करने के लिए थोक व्यापारियों के लिए अधिकतम 400 टन चीनी का कोटा निर्धारित किया है।


सीमित आपूर्ति और मिलों द्वारा बढ़ाए गए दाम के कारण बाजार में कीमतों में लगातार तेजी बनी हुई है। बिलासपुर में वर्तमान में चीनी के करीब 25 थोक व्यापारी कारोबार कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि मांग के मुकाबले आपूर्ति सीमित (Sugar Prices) रहने और एथेनॉल उत्पादन पर अधिक जोर दिए जाने के कारण आने वाले दिनों में चीनी की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है। व्यापारियों का मानना है कि यदि बाजार में आपूर्ति नहीं बढ़ी तो आगामी त्योहारी सीजन में चीनी के दाम और ऊंचे स्तर पर पहुंच सकते हैं, जिसका असर सीधे आम उपभोक्ताओं और मिठाई उद्योग पर पड़ेगा।

Hemant Dhote

लेखक: हेमन्त धोटे छत्तीसगढ़ के एक सक्रिय पत्रकार और प्रिंट मीडिया से जुड़े व्यक्ति हैं, जो मुख्य रूप से रायपुर से संचालित होने वाले प्रतिष्ठित दैनिक हिंदी समाचार पत्र 'दैनिक नव प्रदेश' (Nav Pradesh) में निरंतर वरिष्ठ प्रबंधन/प्रतिनिधि मंडल एवं रायपुर ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं और अखबार के विभिन्न आयोजनों व गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। श्री हेमन्त धोटे ने रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (KTUJM) से (बी.जे.एम.सी और एम.ए.एम.सी) की पढ़ाई की है।

Related Articles

Back to top button