Sports Training Center : बहतराई खेल प्रशिक्षण केंद्र में देरी पर भड़के अरुण साव, 15 दिन में मांगी प्रगति रिपोर्ट

प्रदेश के खेल खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में चल रहे कार्यों की धीमी रफ्तार पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कड़ा रुख अपनाया है। बिलासपुर स्थित स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई में निर्माण और मरम्मत कार्यों में हो रही देरी पर उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को फटकार लगाते हुए स्पष्ट कहा कि खिलाड़ियों की सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। खेल प्रशिक्षण केंद्र (Sports Training Center) के औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने और 15 दिनों के भीतर विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर जताई नाराजगी

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खेल प्रशिक्षण केंद्र (Sports Training Center) में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं अधोसंरचना विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मैपलवुड फ्लोरिंग, तीरंदाजी मैदान, हॉकी गैलरी, फ्लड लाइट, कबड्डी इंडोर एवं आउटडोर मैदान, एचवीएसी कार्य और आउटडोर स्टेडियम की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कई कार्य निर्धारित समयसीमा के बावजूद अधूरे हैं, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी।

डीएमएफ राशि होने के बावजूद नहीं हुआ रखरखाव

निरीक्षण के दौरान हॉस्टल और अन्य सुविधाओं की स्थिति पर भी चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से राशि उपलब्ध होने के बावजूद आवश्यक रखरखाव कार्य समय पर नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि संसाधनों की उपलब्धता के बाद भी कार्यों में देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। खेल प्रशिक्षण केंद्र (Sports Training Center) में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

2017 से लंबित मैपलवुड फ्लोरिंग पर अधिकारियों को फटकार

अरुण साव ने इंडोर स्टेडियम में मैपलवुड फ्लोरिंग कार्य का विशेष रूप से संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में कार्यादेश जारी होने के बावजूद यह कार्य अब तक अधूरा है, जो गंभीर लापरवाही का मामला है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल कार्य पूर्ण करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल प्रशिक्षण केंद्र (Sports Training Center) के विकास में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

तीरंदाजी मैदान और हाईमास्ट लाइट जल्द होगी तैयार

उप मुख्यमंत्री ने एसईसीएल द्वारा लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किए जा रहे तीरंदाजी मैदान की समीक्षा करते हुए जुलाई 2026 तक निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही आउटडोर स्टेडियम में खराब पड़ी हाईमास्ट लाइट की तत्काल मरम्मत करने को कहा ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

15 दिनों में देनी होगी प्रगति रिपोर्ट

अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला प्रशासन को संयुक्त रूप से बैठक कर सभी लंबित कार्यों की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यपालन अभियंता को 15 दिनों के भीतर उप मुख्यमंत्री कार्यालय में उपस्थित होकर खेल प्रशिक्षण केंद्र (Sports Training Center) के सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

खिलाड़ियों को मिलेगी आधुनिक सुविधाएं

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बहतराई खेल प्रशिक्षण केंद्र को प्रदेश के उत्कृष्ट प्रशिक्षण संस्थानों में विकसित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। खेल अधोसंरचना को मजबूत करने, आधुनिक सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी एजेंसियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि खिलाड़ियों को जल्द से जल्द बेहतर खेल सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए।

Exit mobile version