रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं। फिलहाल प्रदेश में बारिश का दौर लगभग थम गया है और अधिकांश इलाकों में तेज धूप के साथ गर्मी और उमस महसूस की जा रही है।
पिछले 24 घंटे में बीजापुर को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहा। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान सबसे अधिक दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान सबसे कम रहा। उत्तर छत्तीसगढ़ के पहाड़ी क्षेत्रों में रात के तापमान में हल्की राहत बनी हुई है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में दिन और रात दोनों समय तापमान अपेक्षाकृत अधिक बना हुआ है।
रायपुर में धूप से बढ़ेगी गर्मी
राजधानी रायपुर में रविवार को आसमान साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना रहने की संभावना है। शनिवार को भी रायपुर में दिनभर बारिश नहीं हुई।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।
4 से 7 अक्टूबर तक मौसम
4 अक्टूबर: प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। किसी भी स्थान के लिए चेतावनी जारी नहीं की गई है।
5 अक्टूबर: प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। किसी तरह की चेतावनी नहीं है।
6 अक्टूबर: एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
7 अक्टूबर: प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दिन भी किसी तरह की चेतावनी नहीं है।
