जशपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए टाटा आईसर ट्रक से 632 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को खाली बोतलों से भरी बोरियों के नीचे छिपा रखा था। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गांजा, ट्रक, मोबाइल और नकदी सहित कुल 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जिले की पुलिस टीम उड़ीसा सीमा से आने वाले संदिग्ध वाहनों पर विशेष निगरानी रख रही है।
इसी क्रम में 4 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान उड़ीसा की ओर से आ रहे टाटा आईसर ट्रक क्रमांक यूपी 47 एटी 9839 को संदेह के आधार पर रोका गया।
ट्रक की जांच करने पर ऊपर की तरफ खाली बोतलों से भरी बोरियां रखी मिलीं। पुलिस ने इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की तलाशी ली तो टेप से लिपटे पैकेट मिले। पैकेट खोलने पर उनमें गांजा बरामद हुआ। गवाहों की मौजूदगी में की गई जांच में कुल 20 बोरियों से 597 पैकेट मिले, जिनका कुल वजन 632 किलो 380 ग्राम निकला।
ट्रक में मौजूद व्यक्ति से गांजे के संबंध में दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने अपना नाम विनोद कुमार गुप्ता (42) निवासी ग्राम बेरिया खलीलपुर, थाना देहात कोतवाली, जिला बहराइच, उत्तर प्रदेश बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा उड़ीसा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 632.380 किलो गांजा, तस्करी में इस्तेमाल टाटा आईसर ट्रक, दो मोबाइल फोन और 3 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपये, ट्रक की कीमत करीब 25 लाख रुपये और मोबाइल की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है। नकदी सहित कुल 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये की जब्ती की गई है।
मामले में थाना तपकरा में अपराध क्रमांक 87/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब गांजे के स्रोत और उत्तर प्रदेश में इसकी डिलीवरी लेने वाले व्यक्ति की जानकारी जुटा रही है। साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
दो दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई
जशपुर पुलिस ने इससे पहले 2 अक्टूबर को भी लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर टाटा आईसर मिनी ट्रक से 440 किलो 630 ग्राम गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। दो दिन के भीतर लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई से पुलिस की उड़ीसा सीमा पर सक्रिय निगरानी का पता चलता है।
कार्रवाई में डीएसपी शुभम तिवारी, एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी, थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान सहित एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस के अधिकारियों व जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
