रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास और अधोसंरचना कार्यों का जायजा लेने विधायक राजेश मूणत ने बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने माधवराव सप्रे और संत रविदास वार्ड की गलियों में पहुंचकर निर्माणाधीन सीसी रोड, नाली और विद्युत पोल लगाने के कार्यों की स्थिति देखी। इसके बाद महादेव घाट पहुंचकर 21 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित नवीन पुल निर्माण की तैयारियों की समीक्षा की।
मूणत ने दोनों वार्डों में करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से चल रहे सीसी रोड और नाली निर्माण कार्यों की जानकारी ली। क्षेत्र में करीब 150 विद्युत पोल भी लगाए जाने हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि योजनाओं का वास्तविक लाभ स्थानीय नागरिकों को मिले। विद्युत पोल लगने से क्षेत्र की प्रकाश व्यवस्था में भी सुधार होगा।
गली-गली पहुंचकर देखी निर्माण की स्थिति
विधायक ने एक्टिवा से वार्डों की विभिन्न गलियों में पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनकी गुणवत्ता और उपयोगिता मैदानी स्तर पर भी दिखाई देनी चाहिए। सड़क और नाली निर्माण के दौरान स्थानीय लोगों की जरूरतों और आवागमन को ध्यान में रखते हुए काम को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सड़क, नाली और बिजली जैसी सुविधाएं सीधे नागरिकों के रोजमर्रा के जीवन से जुड़ी हैं। इसलिए निर्माण के दौरान गुणवत्ता के साथ नागरिकों को होने वाली असुविधा को भी न्यूनतम रखना जरूरी है।
21 करोड़ से बनेगा महादेव घाट में नया पुल
इसके बाद महादेव घाट में प्रस्तावित नए पुल के स्थल का निरीक्षण किया गया। मूणत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक सर्विस रोड तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि पुल निर्माण के दौरान मौजूदा मार्ग प्रभावित होने की स्थिति में यातायात और आम लोगों की आवाजाही बाधित हो सकती है। इसलिए पहले वैकल्पिक मार्ग तैयार करना जरूरी है।
उन्होंने सर्विस रोड, यातायात व्यवस्था और पुल निर्माण की चरणबद्ध कार्ययोजना आपसी समन्वय से तैयार करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि सर्विस रोड का काम पूरा होने के बाद ही पुल निर्माण की आगामी प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि निर्माण के दौरान नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो।
मूणत ने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। बड़े निर्माण कार्य शुरू करने से पहले यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो। महादेव घाट में पुल निर्माण से पहले सर्विस रोड तैयार करने के निर्देश इसी उद्देश्य से दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग, सेतु संभाग और नगर निगम रायपुर के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
