सर्द हवाओं ने बढ़ाई कनकनी, मैनपाट और सामरीपाट में पारा 8.5 डिग्री तक लुढ़का; 21-22 नवंबर को हल्की बारिश के आसार
अम्बिकापुर/नवप्रदेश। उत्तरी सर्द हवाओं के प्रभाव से सरगुजा संभाग में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। अम्बिकापुर में बुधवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 9.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटे के भीतर न्यूनतम तापमान में करीब 4 डिग्री की गिरावट आने से लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार को अम्बिकापुर का न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री और अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद उत्तरी हवाओं के प्रभाव से रात के तापमान में अचानक गिरावट आई है। सुबह और शाम के समय ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।
पाट क्षेत्रों में बढ़ी ठिठुरन
संभाग के पहाड़ी और पाट क्षेत्रों में ठंड का असर मैदानी इलाकों की तुलना में अधिक है। मैनपाट, बलरामपुर के सामरीपाट, सोनहत सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सर्द हवाओं के चलते इन क्षेत्रों में कनकनी बढ़ गई है। शाम ढलते ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं, वहीं सुबह भी ठंड के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेने लगे हैं।
21 और 22 नवंबर को बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक उत्तरी सर्द हवाओं के प्रभाव से ठंड का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके बाद चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से मौसम में बदलाव हो सकता है। 21 और 22 नवंबर को उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं। बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि मौसम साफ होने के बाद एक बार फिर ठंड बढ़ सकती है।
मौसमी बीमारियों से बचाव की अपील
तापमान में अचानक गिरावट का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ने लगा है। सर्दी, खांसी और अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीज अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए सीएमएचओ सरगुजा ने नागरिकों से ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने तथा ठंडी हवाओं से बचने की सलाह दी गई है।
