Cyclone Akwan: चक्रवात ‘अकवान’ हुआ खतरनाक, 20 नवंबर को तट से टकराएगा

रायपुर/नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ (Cyclone Akwan) बुधवार को और शक्तिशाली होकर गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, यह 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिण ओडिशा के तटों से टकरा सकता है। ताजा पूर्वानुमान में तूफान के तट से टकराते समय हवाओं की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। इसका प्रभाव आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी, पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ तक दिखाई दे सकता है।


बुधवार सुबह 8.30 बजे तूफान (Cyclone Akwan) विशाखापत्तनम से लगभग 580 किलोमीटर दूर समुद्र में केंद्रित था। यह उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। चक्रवात को देखते हुए तटीय क्षेत्रों में प्रशासन अलर्ट पर है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा में तेज हवाओं, मूसलाधार बारिश और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बना हुआ है।

छत्तीसगढ़ में 20 को बस्तर, 21 को उत्तरी जिलों में बारिश की आशंका

चक्रवात अकवान (Cyclone Akwan) का असर छत्तीसगढ़ में भी दिखाई दे सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 नवंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ और 21 नवंबर को उत्तरी छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव जैसे जिलों में मौसम बदल सकता है। सरगुजा संभाग में भी बादल छाने और बारिश के आसार हैं। हालांकि, तूफान सीधे छत्तीसगढ़ से नहीं गुजरेगा।

धान खरीदी और कटाई पर पड़ सकता है असर

प्रदेश में इन दिनों धान खरीदी चल रही है। ऐसे में बारिश होने पर खरीदी केंद्रों में खुले में रखे धान के भीगने का खतरा बढ़ सकता है। खेतों और खलिहानों में रखी फसल भी प्रभावित हो सकती है। किसानों को कटी हुई फसल सुरक्षित रखने और खरीदी केंद्रों में धान को तिरपाल से ढकने की जरूरत होगी। लगातार बारिश होने की स्थिति में धान की ढुलाई और खरीदी की रफ्तार भी प्रभावित हो सकती है।

↑
Exit mobile version