CJM court: सीजेएम कोर्ट में अप्रत्याशित घटना से हड़कंप

मुंगेली/नवप्रदेश। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिला न्यायालय (CJM court) परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक विचाराधीन बंदी ने न्यायिक प्रक्रिया के दौरान अभद्र आचरण की सारी हदें पार कर दीं। जिला न्यायालय के कोर्ट रूम में पेशी के दौरान एक आरोपी ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के साथ अभद्रता की और उन पर हमला करने की कोशिश की। आरोपी ने जज के सवाल का जवाब देने के बजाय उनसे बदतमीजी की। इसके बाद कटघरे से छलांग लगाकर सीधे जज के डायस तक पहुंच गया और वहां लगे सुरक्षा कांच को तोडऩे की कोशिश करने लगा। अचानक हुई इस घटना से कोर्ट रूम में मौजूद वकीलों, कर्मचारियों और पक्षकारों में अफरा-तफरी मच गई।

न्यायालयीन इतिहास (CJM court) की इस बेहद असाधारण और गंभीर घटना से हड़कंप मच गया है। घटना सीजेएम सतीश कुमार खाखा की अदालत में हुई। सरगांव थाने में दर्ज हाइवा चोरी के एक मामले में आरोपी भगतराम राजपूत को कटघरे में खड़ा किया गया था। सुनवाई की सामान्य प्रक्रिया के तहत जब जज ने उससे नाम पूछा तो उसने जवाब दिया- कागजात सामने रखे हैं, खुद ही पढ़कर देख लो। सुरक्षाकर्मियों ने उसे टोका तो वह और उग्र हो गया। उसने जज की तरफ उंगली उठाकर चिल्लाते हुए कहा-मुझे क्या जेल भेजेगा। इसके बाद वह कटघरे से कूदकर डायस तक पहुंचा और वहां लगे सुरक्षा कांच को जोर-जोर से पीटने लगा। बीच-बचाव करने पहुंचे कोर्ट स्टाफ के साथ भी उसने गाली-गलौज की। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया। कोर्ट के प्रस्तुतकार शत्रुहन बेलदान की लिखित शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने भगतराम के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, अभद्रता और आपराधिक धमकी समेत अन्य धाराओं में नया मामला दर्ज किया है। इसके बाद आरोपी को फिर से जेल भेज दिया गया।

इस अप्रिय घटना के तुरंत बाद न्यायालयीन प्रस्तुतकार (CJM court) शत्रुहन बेलदान की लिखित शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3 सहित कई गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। इसमें धारा 221 (लोक सेवक के सार्वजनिक कार्य में बाधा डालना) सरकारी ड्यूटी निभा रहे जज और पुलिसकर्मियों के आधिकारिक कामकाज में रुकावट पैदा करने के लिए जोड़ी गई है। धारा 296 (सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकतें व गाली-गलौज) अदालत कक्ष जैसे गरिमामयी सार्वजनिक स्थान पर अभद्र भाषा और गाली-गलौज करने के एवज में लगाई गई है। साथ ही धारा 351 न्यायाधीश और न्यायालयीन स्टाफ को जान से मारने की धमकी देने और डराने के आरोप में दर्ज की गई है।

आरोपी पर केस दर्ज कर जेल भेजा गया है

कोर्ट (CJM court) रूम में नाम पूछने पर चोरी के एक आरोपी ने जज से बहस की। इसके बाद वह कटघरे से कूदकर जज के डायस के सामने लगे कांच को तोडऩे की कोशिश करने लगा। मामले में पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर शासकीय कार्य में बाधा, अभद्रता और धमकी समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया। इसके बाद उसे फिर से जेल भेज दिया गया।
-अखिलेश वैष्णव, थाना प्रभारी, सिटी कोतवाली

↑
Exit mobile version