PM Surya Ghar Yojana : 4 हजार से अधिक लोग घरों में सोलर लगा कर बिजली उपभोक्ता से बने बिजली उत्पादक
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना (PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana) के तहत राजनांदगांव जिले में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर गुरुवार को जिलेभर में एक ही दिन 100 से अधिक प्रधानमंत्री सूर्य घर सभाएं (PM Surya Ghar Sabha) आयोजित की गईं। इनमें नागरिकों को सोलर रूफटाप प्रणाली, सरकारी सब्सिडी, आवेदन प्रक्रिया और बिजली बिल में होने वाली बचत की जानकारी दी गई।
जिले में 4 हजार से अधिक घरों में लगे सोलर पैनल PM Surya Ghar Yojana
जिले में अब तक सोलर रूफटाप (Solar Rooftop) के 4 हजार से अधिक संयंत्र घरों में स्थापित किए जा चुके हैं। इससे हजारों परिवारों के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है। कई हितग्राही अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर रहे हैं। इस पहल से बिजली उपभोक्ता अब ऊर्जा उत्पादक की भूमिका निभा रहे हैं।
सभाओं में दी गई योजना और सब्सिडी की जानकारी
ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में आयोजित सभाओं में विद्युत विभाग, विभिन्न बैंकों और अधिकृत वेंडर्स के प्रतिनिधियों ने सरकारी सब्सिडी (Solar Subsidy), ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, ऋण सुविधा और तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही नागरिकों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए पात्र परिवारों से योजना का लाभ लेने की अपील की गई।
स्वच्छ ऊर्जा और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा अभियान
जिला प्रशासन का मानना है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना (PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana) केवल बिजली बिल कम करने की योजना नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण अभियान है। इसी उद्देश्य से जिले में लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस योजना से जुड़कर आर्थिक और पर्यावरणीय दोनों स्तरों पर लाभान्वित हो सकें।


