देश

PM in Navsari: नवसारी में बोले पीएम -‘आराम हराम है’ सिर्फ नारा नहीं, जनसेवा का संकल्प

–सत्ता, संगठन, पद और प्रतिष्ठा सब सेवा के लिए

– रेहड़ी-पटरी वालों और स्वच्छता अभियान का भी किया जिक्र

नवसारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नवसारी (PM in Navsari) में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनके लिए ‘आराम हराम है, केवल नारा नहीं, बल्कि जनसेवा का संकल्प है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत कर लोगों की सेवा में जुटा है। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों का कल्याण ही कार्यकर्ताओं का लक्ष्य होना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा, “सत्ता सेवा के लिए है, संगठन सेवा के लिए है, पद सेवा के लिए है और प्रतिष्ठा भी सेवा के लिए है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और जरूरतमंदों की मदद करने का आह्वान किया।

बेटियों की पढ़ाई के लिए गांव-गांव जाने के दिन किए याद

सुकन्या समृद्धि योजना का उल्लेख करते हुए मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री (PM in Navsari) के रूप में अपने शुरुआती दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि उस दौर में वे भीषण गर्मी में गांवों का दौरा करते थे और माता-पिता को बेटियों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करते थे। कई ऐसे काम होते थे, जो न अखबार की सुर्खियां बनते थे और न टीवी पर दिखाई देते थे, लेकिन जनसेवा लगातार जारी रहती थी।

रेहड़ी-पटरी वालों को साहूकारों से मिली मुक्ति

प्रधानमंत्री ने रेहड़ी-पटरी और हाथ-ठेला लगाने वालों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले छोटे कारोबारियों को ऊंचे ब्याज पर साहूकारों से कर्ज लेना पड़ता था। सरकार ने बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर बिना गारंटी ऋण और डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराईं। समय पर ऋण चुकाने वालों को आगे अधिक राशि का ऋण मिलने का रास्ता भी खुला। उन्होंने कहा कि सेवा कभी बेकार नहीं जाती। लोगों का आशीर्वाद नई ऊर्जा और अधिक काम करने की प्रेरणा देता है।

नया कार्यालय बने जरूरतमंदों का सहारा

नवसारी में बने पार्टी के नए कार्यालय का उल्लेख करते हुए मोदी (PM in Navsari) ने कहा कि यह केवल संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र न रहे, बल्कि मुश्किल में फंसे लोगों के लिए सहायता का स्थान भी बने। उन्होंने कार्यकर्ताओं से यह सुनिश्चित करने को कहा कि पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे।

स्वच्छता को बनाएं जनआंदोलन

प्रधानमंत्री ने आगामी त्योहारों को देखते हुए स्वच्छता अभियान पर भी जोर दिया। उन्होंने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। इससे पहले प्रधानमंत्री ने वडोदरा में ?35,000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी, उद्घाटन किया और कई परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं।

Hemant Dhote

लेखक: हेमन्त धोटे छत्तीसगढ़ के एक सक्रिय पत्रकार और प्रिंट मीडिया से जुड़े व्यक्ति हैं, जो मुख्य रूप से रायपुर से संचालित होने वाले प्रतिष्ठित दैनिक हिंदी समाचार पत्र 'दैनिक नव प्रदेश' (Nav Pradesh) में निरंतर वरिष्ठ प्रबंधन/प्रतिनिधि मंडल एवं रायपुर ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं और अखबार के विभिन्न आयोजनों व गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। श्री हेमन्त धोटे ने रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (KTUJM) से (बी.जे.एम.सी और एम.ए.एम.सी) की पढ़ाई की है।

Related Articles

Back to top button