Alien in Chhattisgarh! खेत में अचानक दिखी रहस्यमयी तेज रोशनी, सीसीटीवी में कैद हुआ नजारा; एलियन की दस्तक की चर्चा से मचा कौतूहल

Alien in Chhattisgarh! कवर्धा। कबीरधाम जिले से करीब 32 किलोमीटर दूर कृत बांदा क्षेत्र में इन दिनों एक रहस्यमयी घटना ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। किसान के खेत में लगे सीसीटीवी कैमरे में रात के समय अचानक तेज रोशनी दिखाई देने का वीडियो सामने आया है। फुटेज में करीब 7 से 8 मिनट तक खेत के बीचो-बीच एक तेज रोशनी घूमती हुई नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में इसे लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोग इसे आसमान से किसी अज्ञात वस्तु के जमीन की ओर आने से जोड़ रहे हैं, तो कुछ इसे एलियन की दस्तक तक बता रहे हैं। हालांकि, अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक या वैज्ञानिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, कृतबांधा निवासी किसान पवन चंद्राकर, पिता कुमार चंद्राकर, उम्र 29 वर्ष के खेत में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। किसान के मुताबिक, 18 अगस्त की रात भी कैमरे में आसमान की दिशा से जमीन की ओर आती हुई तेज रोशनी जैसी गतिविधि कैद हुई थी। इसके बाद 20 अगस्त की रात करीब 9 बजे एक बार फिर खेत में अचानक तेज रोशनी दिखाई दी। इस बार भी पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई इसके साथ ही बड़े कछुए की तरह कुछ खेत में दिखा भी।
बताया जा रहा है कि कैमरे में कैद फुटेज में एक चमकीली रोशनी दिखाई देती है, जो कुछ समय तक खेत के अलग-अलग हिस्सों में नजर आती है। करीब 7 से 8 मिनट तक रोशनी के दिखाई देने के कारण यह मामला ग्रामीणों के लिए कौतूहल का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि आखिर रात के समय खेत के बीच अचानक इतनी तेज रोशनी कहां से आई और इसका स्रोत क्या था। Alien in Chhattisgarh!
किसान पवन चंद्राकर ने बताया कि उनके खेत में इस तरह की घटना पहले भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है। उन्होंने कहा कि फुटेज देखने के बाद गांव के लोग अलग-अलग तरह की बातें कर रहे हैं। कुछ लोग इसे एलियन से जोड़कर देख रहे हैं ।
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर उत्सुकता जरूर है, लेकिन विशेषज्ञ या संबंधित विभाग की जांच के बिना किसी निष्कर्ष पर पहुंचना मुश्किल है। कैमरे में दिखाई देने वाली रोशनी किसी वाहन, प्रकाश के परावर्तन, मौसम संबंधी घटना या किसी अन्य प्राकृतिक अथवा तकनीकी कारण से भी हो सकती है।
फिलहाल रहस्यमयी रोशनी का वास्तविक स्रोत क्या है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। सीसीटीवी फुटेज की तकनीकी जांच और विशेषज्ञों की राय के बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी। ऐसे में एलियन की दस्तक की चर्चा फिलहाल सिर्फ कयास है, जिसकी स्वतंत्र पुष्टि अभी बाकी है।



