छत्तीसगढ़

Flight Emergency Landing: लैंडिंग के दौरान एलायंस एयर के विमान का टायर पंचर, 37 यात्री बाल-बाल बचे

Flight Emergency Landing: बिलासपुर। बिलासपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से सीधे बिलासपुर पहुंची एलायंस एयर की फ्लाइट 9I613 (VT-UDA) की लैंडिंग के दौरान विमान के बाएं तरफ का टायर पंचर हो गया। विमान में उस समय 37 यात्री और चार क्रू मेंबर समेत कुल 41 लोग सवार थे।
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी ।

घटना के बाद एयरपोर्ट पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय कर दी गई। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, एलायंस एयर की फ्लाइट 9I613 शुक्रवार को दिल्ली से उड़ान भरकर बिलासपुर पहुंची थी। विमान बिलासपुर एयरपोर्ट के रनवे पर लैंड कर रहा था, तभी उसके लेफ्ट साइड के टायर में पंचर हो गया। लैंडिंग के दौरान टायर पंचर होने के बाद विमान को रनवे पर ही रोक दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रबंधन और संबंधित सुरक्षा दल सक्रिय हो गए।
विमान में सवार यात्रियों को सावधानीपूर्वक रनवे पर उतारा गया। इसके बाद सभी यात्रियों और चारों क्रू मेंबर को सुरक्षित तरीके से टर्मिनल बिल्डिंग तक पहुंचाया गया। एयरपोर्ट पर मौजूद सुरक्षा एवं ग्राउंड स्टाफ ने पूरी प्रक्रिया को नियंत्रित किया, जिससे किसी प्रकार की अफरा-तफरी की स्थिति नहीं बनी। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद विमान की तकनीकी स्थिति की जांच की प्रक्रिया शुरू की गई।
बाक्स

आगे की उड़ान रद्द

विमान के टायर में खराबी आने के बाद एलायंस एयर ने बिलासपुर से आगे जाने वाली उड़ान को रद्द कर दिया। इसके चलते आगे की यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उड़ान रद्द होने के कारण यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था के संबंध में एयरलाइन की ओर से जानकारी दी गई।
घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए स्थिति असामान्य बनी रही। हालांकि यात्रियों को सुरक्षित टर्मिनल तक पहुंचा दिए जाने के बाद स्थिति नियंत्रण में रही। विमान में सवार सभी 41 लोगों के सुरक्षित होने से एयरपोर्ट प्रबंधन और यात्रियों ने राहत की सांस ली।
लैंडिंग के दौरान विमान का टायर किस तकनीकी कारण से पंचर हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। विमान की तकनीकी जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। एयरलाइन और संबंधित अधिकारियों द्वारा विमान की स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button