मानसून की विदाई शुरू, 22 सितंबर से छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी बारिश

रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून की देश से विदाई शुरू हो गई है, लेकिन छत्तीसगढ़ में फिलहाल बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। वहीं 22 और 23 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 19 सितंबर से पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से वापसी शुरू कर दी है। अगले तीन-चार दिनों में राजस्थान के कुछ और हिस्सों के साथ पंजाब, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ भागों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। हालांकि इसका असर छत्तीसगढ़ में तत्काल मानसून की समाप्ति के रूप में नहीं दिखेगा।
20 सितंबर को भी बारिश के आसार
प्रदेश में 20 सितंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। इसके बाद 22-23 सितंबर से प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर तेज हो सकता है।
बंगाल की खाड़ी में बनेगा कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर अंडमान सागर और उसके आसपास ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है, जो करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से 20 सितंबर को निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए मजबूत हो सकता है और 21 सितंबर को पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में अवदाब के रूप में पहुंचने की संभावना है। इसके 22 सितंबर को गहरे अवदाब में बदलने का अनुमान है।
इसके बाद सिस्टम के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। 23 सितंबर को इसके पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, दक्षिणी तटीय ओडिशा तथा उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के पास पहुंचने का अनुमान है। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
बिलासपुर में सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा तापमान
19 सितंबर को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान भी 34 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। रायपुर, लोरमी और खैरागढ़ में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।



