LPG Delivery : एलपीजी सिलेंडर के लिए नहीं करनी होगी लंबी इंतजार, अब आधे घंटे में होगी घर तक डिलीवरी

रसोई गैस सिलेंडर की डिलीवरी को लेकर उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत (LPG Delivery) की खबर है। अब गैस सिलेंडर पाने के लिए कई दिनों तक इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी। नई सुविधा के तहत कुछ ही मिनटों में एलपीजी सिलेंडर घर तक पहुंचाने की व्यवस्था शुरू की गई है।

क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म स्विगी इंस्टामार्ट और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड यानी एचपीसीएल ने मिलकर देश की पहली ऑन डिमांड एलपीजी सिलेंडर डिलीवरी सेवा शुरू करने का ऐलान किया है। इस सेवा के जरिए ग्राहक करीब 30 मिनट में गैस सिलेंडर मंगा सकेंगे।

बेंगलुरु से हुई सेवा की शुरुआत LPG Delivery

इस नई सुविधा की शुरुआत फिलहाल बेंगलुरु में की गई है। यहां ग्राहक स्विगी इंस्टामार्ट ऐप के माध्यम से एचपीसीएल का 10 किलोग्राम एचपी नव्या कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर ऑर्डर कर सकते हैं। कंपनी के अनुसार आने वाले समय में इस सेवा का विस्तार अन्य शहरों में भी किया जा सकता है।

बिना गैस कनेक्शन भी कर सकेंगे ऑर्डर

इस सेवा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि एलपीजी सिलेंडर मंगाने के लिए उपभोक्ताओं के पास पहले से घरेलू गैस कनेक्शन होना जरूरी नहीं है। इससे किराए के मकानों में रहने वाले लोग, छात्र, कामकाजी पेशेवर और छोटे परिवार भी आसानी से इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

ऐसे कर सकेंगे ऑर्डर

ग्राहक इंस्टामार्ट ऐप पर 10 किलोग्राम कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर या 5 किलोग्राम मेटल सिलेंडर का चयन कर सामान्य ऑनलाइन खरीदारी की तरह ऑर्डर कर सकते हैं। पहली बार सिलेंडर खरीदने के बाद अगली बार रिफिल लेते समय खाली एचपीसीएल सिलेंडर वापस करना होगा।

हल्का और सुरक्षित है एचपी नव्या सिलेंडर LPG Delivery

एचपी नव्या कंपोजिट सिलेंडर वजन में हल्का, जंगरोधी और आधुनिक सुरक्षा सुविधाओं से लैस है। इसका पारदर्शी डिजाइन ग्राहकों को गैस का स्तर देखने की सुविधा देता है। छोटे घरों और अतिरिक्त सिलेंडर की जरूरत वाले उपभोक्ताओं के लिए इसे उपयोगी विकल्प माना जा रहा है।

पहचान सत्यापन के बाद मिलेगी डिलीवरी

कंपनी के अनुसार सभी ऑर्डर एचपीसीएल के अधिकृत वितरण नेटवर्क के माध्यम से पूरे किए (LPG Delivery) जाएंगे। पहली बार सिलेंडर खरीदने वाले ग्राहकों को पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। साथ ही डिलीवरी सुरक्षा मानकों और नियामकीय नियमों के अनुसार की जाएगी।

Exit mobile version