Raipur 14th India Industrial Fair 2026: 18 से 20 सितंबर तक रायपुर में 14वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर

तीन दिवसीय 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 का भव्य आयोजन

रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर 18 से 20 सितंबर तक देशभर के उद्योग जगत (Raipur 14th India Industrial Fair 2026) के प्रमुख प्रतिनिधियों, उद्यमियों, निवेशकों और युवाओं की मेजबानी करने जा रही है। साइंस कॉलेज ओपन ग्राउंड में लघु उद्योग भारती के तत्वावधान में तीन दिवसीय 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन प्रदेश के MSME (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम), स्टार्टअप, निर्माताओं और युवाओं को देशभर के खरीदारों एवं निवेशकों से जुड़ने का एक साझा और विशाल मंच प्रदान करेगा।

आयोजन के प्रमुख आकर्षण

यह फेयर केवल औद्योगिक उत्पादों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि व्यापार, निवेश, रोजगार, तकनीक और नवाचार का एक व्यापक केंद्र बनेगा।

विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

इंडस्ट्रियल फेयर के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे। केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी व प्रमुख विचारक श्री कृष्ण गोपाल की उपस्थिति भी प्रस्तावित है। राष्ट्रीय स्तर के नीति-निर्माताओं की इस मौजूदगी से प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

‘लोकल से नेशनल’ की दिशा में बड़ा कदम

छत्तीसगढ़ खनिज संपदा, कृषि व वन उत्पाद और ऊर्जा संसाधनों से परिपूर्ण है, लेकिन छोटे व मध्यम उद्यमों को बड़े बाजारों तक पहुंचने में अक्सर कठिनाई होती है। यह फेयर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ विजन के अनुरूप, छोटे शहरों और जिलों में कार्यरत स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय बाजार और बड़े उद्योगपतियों से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा।

स्टार्टअप और MSME को मिलेगी नई उड़ान

आयोजन में पारंपरिक उद्योगों के साथ-साथ नई पीढ़ी के स्टार्टअप्स को विशेष महत्व दिया जाएगा। युवा उद्यमी अपने इनोवेटिव व्यावसायिक विचार प्रदर्शित कर अनुभवी उद्योगपतियों और संभावित निवेशकों से मार्गदर्शन व निवेश प्राप्त कर सकेंगे। MSME क्षेत्र को नए बाजार, तकनीकी सहयोग, सप्लाई चेन साझेदारी और व्यापारिक नेटवर्क का लाभ मिलेगा।

18 से 20 सितंबर तक रायपुर का साइंस कॉलेज ओपन ग्राउंड उद्योग, उद्यमिता और रोजगार के इस ऐतिहासिक महाकुंभ का साक्षी बनेगा, जो छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता को पूरे देश के सामने मजबूती से प्रस्तुत करेगा।

Exit mobile version