छत्तीसगढ़

Lightning Safety: बारिश में आकाशीय बिजली बनी जानलेवा, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की चेतावनी

बारिश का मौसम शुरू होते ही आकाशीय बिजली (Lightning Safety) का खतरा बढ़ गया है। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने प्रदेशभर के लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने चेताया है कि थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। लोगों से अपील की गई है कि गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचें और मौसम विभाग की चेतावनियों का गंभीरता से पालन करें।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार आकाशीय बिजली (Lightning Safety) प्राकृतिक आपदा है, लेकिन समय रहते सावधानी बरतकर इससे होने वाली जनहानि को काफी हद तक रोका जा सकता है। बादल गरजने या बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, खेत, पहाड़ी, नदी, तालाब, पेड़ के नीचे अथवा किसी ऊंचे स्थान पर रुकना बेहद खतरनाक हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत किसी पक्के भवन या बंद चारपहिया वाहन में शरण लेनी चाहिए।

विभाग ने कहा है कि बिजली कड़कने के समय धातु के कृषि उपकरण, लोहे की रॉड, तार या अन्य धातु की वस्तुओं से दूरी बनाए रखें। साथ ही नदी, तालाब और अन्य जल स्रोतों के आसपास जाने से बचें। बिजली गिरने से बचाव (Lightning Safety) के लिए मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी अलर्ट का पालन करना बेहद जरूरी है।

यदि कोई व्यक्ति खुले स्थान पर फंस जाए तो जमीन पर लेटने के बजाय दोनों पैरों को साथ रखकर नीचे झुक जाए, सिर नीचे रखें और आसपास मौजूद अन्य लोगों से पर्याप्त दूरी बना लें। इससे बिजली गिरने की स्थिति में खतरा कम हो सकता है।

स्वास्थ्य विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी व्यक्ति पर आकाशीय बिजली गिर जाए तो उसे छूना पूरी तरह सुरक्षित होता है। ऐसे व्यक्ति को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाकर 108 एम्बुलेंस सेवा या निकटतम अस्पताल से संपर्क करें। यदि सांस या नाड़ी नहीं चल रही हो तो प्रशिक्षित व्यक्ति तत्काल सीपीआर देकर मरीज को अस्पताल पहुंचाए।

बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली (Lightning Safety) से बचाव के लिए विभाग ने लोगों से स्वयं जागरूक रहने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी सुरक्षा उपायों की जानकारी देने की अपील की है। विभाग का संदेश है कि “गरज सुनाई दे तो तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं, क्योंकि आपकी सतर्कता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है।”

Related Articles

Back to top button