छत्तीसगढ़

Khudiya Rani Temple; : खुड़िया रानी मंदिर को अब क्यों मिल रही नई पहचान, बड़े पर्यटन केंद्र बनाने की तैयारी तेज

जशपुर जिले के बगीचा क्षेत्र में स्थित खुड़िया रानी मंदिर इन दिनों एक नई वजह (Khudiya Rani Temple) से चर्चा में है। घने जंगलों और प्राकृतिक खूबसूरती के बीच बसे इस धार्मिक स्थल को लेकर प्रशासन ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के बीच भी इस बात को लेकर उत्साह है कि आने वाले समय में यह क्षेत्र पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में उभर सकता है।

मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में सुविधाएं बढ़ाने की कवायद तेज हो गई है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए क्षेत्र के विकास की रूपरेखा तैयार की जा रही है, जिससे यहां आने वालों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बढ़ी रफ्तार : Khudiya Rani Temple

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विशेष निर्देशों के बाद जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के ग्राम छिछली स्थित खुड़िया रानी मंदिर को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण और पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाओं के विकास को लेकर व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य इस धार्मिक और प्राकृतिक महत्व वाले क्षेत्र को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करना है।

कलेक्टर ने की स्थानीय लोगों के साथ बैठक

योजना को जमीन पर उतारने के लिए कलेक्टर रोहित व्यास ने खुड़िया रानी सेवा समिति, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में क्षेत्र की आवश्यकताओं और पर्यटन विकास की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

कलेक्टर ने कहा कि यह क्षेत्र केवल आस्था का केंद्र नहीं बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य, गुफाओं और स्थानीय संस्कृति का भी अनूठा संगम है। आवश्यक सुविधाओं का विस्तार कर इसे पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

बिजली, पानी और पार्किंग की होगी व्यवस्था

बैठक में ग्रामीणों ने पर्यटकों की सुविधा के लिए कई सुझाव दिए। इसके तहत मंदिर पहुंच मार्ग सहित पूरे क्षेत्र में बिजली और शुद्ध पेयजल व्यवस्था को मजबूत (Khudiya Rani Temple) किया जाएगा। मुख्य मार्गों के किनारे वृक्षारोपण किया जाएगा और आकर्षक स्वागत द्वार बनाया जाएगा। साथ ही स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए मार्केट शेड, वाहनों की पार्किंग और आधुनिक शौचालयों का निर्माण भी प्रस्तावित है।

सरहा पानी नाला के संरक्षण पर जोर

मंदिर के पास बहने वाले सरहा पानी नाला और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित साफ सफाई और संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रशासन प्राकृतिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की योजना बना रहा है।

महिला समूह संभालेंगे स्वच्छता की जिम्मेदारी

क्षेत्र को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए ग्रामसभा में विशेष प्रस्ताव लाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत महिला स्व सहायता समूहों को साफ सफाई और कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। व्यवस्था को लंबे समय तक संचालित रखने के लिए पर्यटकों से न्यूनतम स्वच्छता शुल्क लेने पर भी विचार किया जा रहा है।

25 लाख रुपये से शुरू होंगे प्रारंभिक कार्य

खुड़िया रानी मंदिर परिसर के प्रारंभिक विकास कार्यों के लिए 25 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है। इस राशि से स्थानीय आदिवासियों के लिए मार्केट शेड, श्रद्धालुओं के बैठने हेतु चबूतरा और मुख्य मार्ग से गुफा तक सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा।

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

हरे भरे पहाड़ों, घने जंगलों, प्राकृतिक गुफाओं और झरनों से घिरा यह क्षेत्र लंबे समय से श्रद्धालुओं और प्रकृति प्रेमियों को आकर्षित (Khudiya Rani Temple) करता रहा है। सुविधाओं के विस्तार के बाद यहां पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि होने की उम्मीद है। इसके साथ ही होम स्टे, स्थानीय व्यापार और पर्यटन आधारित रोजगार के नए अवसर भी क्षेत्र के युवाओं को मिल सकेंगे।

Related Articles

Back to top button