देशराजनीति

Karnataka : बसवराज बोम्मई चुने गए मुख्यमंत्री,कल लेंगे शपथ


बोम्मई हैं येदियुरप्पा के ख़ास

बेंगलुरु। कर्नाटक (Karnataka) के नए मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई (Basavaraj S Bommai) होंगे। विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से बसवराज बोम्मई के नाम पर सहमति बनी है।

उल्लेखनीय है कि आज कर्नाटक (Karnataka) के निवर्तमान मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा बेंगलुरु के एक निजी होटल में विधायक दल की बैठक शामिल हुए। यहां येदियुरप्पा के साथ केंद्रीय मंत्री और पर्यवेक्षक धर्मेंद्र प्रधान, किशन रेड्डी और राष्ट्रीय महासचिव सी. टी. रवि मौजूद रहे। भाजपा विधायक दल की बैठक में अगले मुख्यमंत्री के रूप में बसवराज बोम्मई चुना गया।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री की रेस में तीन नामों में बसवराज बोम्मई पहले नंबर पर थे। वहीं विश्वेश्वरा हेगड़े कगेरी और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी का नाम भी शामिल था।

बैठक में येदियुरप्पा ने ही बसवराज बोम्मई के नाम का ऐलान कर दिया। जिसके बाद मंत्री के एस ईश्वरप्पा और बाकी सभी विधायकों ने इसका समर्थन किया। बसवराज बोम्मई ने राजनीतिक करियर की शुरुआत जनता दल से की। वहीं येदियुरप्पा सरकार में बोम्मई गृह मंत्री रहे हैं और उनके बेहद करीबी भी माने जाते हैं। बोम्मई बुधवार को दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर पद की शपथ लेंगे।

28 जनवरी 1960 को जन्मे बसवराज सोमप्पा बोम्मई कर्नाटक (Karnataka) के गृह, कानून, संसदीय मामलों के मंत्री हैं। उनके पिता एसआर बोम्मई भी राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। धारवाड़ से दो बार 1998 और 2004 में कर्नाटक विधान परिषद के लिए चुने गए। इसके बाद वे जनता दल छोड़कर 2008 में भाजपा में शामिल हो गए। इसी साल हावेरी जिले के शिगगांव से विधायक चुने गए।

Related Articles

Back to top button