Jharkhand Silver Jubilee Celebration : सीएम हेमंत सोरेन ने हरी झंडी दिखाकर विशेष दौड़ का किया शुभारंभ, युवाओं ने लिया हिस्सा

Jharkhand Silver Jubilee Celebration

Jharkhand Silver Jubilee Celebration

रांची: झारखंड राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान से ‘रन फॉर झारखंड’ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत की। राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह (Jharkhand Silver Jubilee Celebration) की यह शुरुआत उत्साह और जोश से भरी रही।

दौड़ में सैकड़ों युवाओं, छात्रों और खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सुबह से ही मैदान में लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। प्रतिभागियों के बीच राज्य के प्रति गर्व और सम्मान की भावना स्पष्ट रूप से झलक रही थी। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए रांची ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था की थी ताकि शहर के मुख्य मार्गों पर किसी प्रकार की असुविधा न हो। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा।

झारखंड का स्थापना दिवस हमारे गौरव

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ विधायक कल्पना सोरेन, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड का स्थापना दिवस हमारे गौरव, एकता और संघर्ष की पहचान है।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा और अन्य शहीदों के बलिदान से ही यह राज्य अस्तित्व में आया है। ‘रन फॉर झारखंड’ (Jharkhand Silver Jubilee Celebration) राज्य की एकता और अखंडता का प्रतीक है, जो युवाओं को राज्य के विकास में योगदान देने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाली युवा पीढ़ी को राज्य की संस्कृति, मेहनत और संघर्ष की कहानी को जानना चाहिए। उन्होंने कहा कि रजत जयंती वर्ष केवल उत्सव नहीं बल्कि राज्य के भविष्य की नई दिशा तय करने का अवसर है।

15 नवंबर को पूरे उत्साह के साथ मनाई जाएगी रजत जयंती

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बताया कि झारखंड की रजत जयंती 15 नवंबर को पूरे उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाई जाएगी। राज्य के सभी जिलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, झांकी, खेलकूद प्रतियोगिताओं और सम्मान समारोहों का आयोजन होगा।

इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और युवाओं के लिए विशेष योजनाओं की घोषणा भी की जाएगी ताकि हर नागरिक झारखंड के विकास में अपना योगदान दे सके। राजधानी रांची के साथ ही धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर और देवघर में भी (Jharkhand Silver Jubilee Celebration) के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।