Global Airline Profit 2026 : वैश्विक एयरलाइन उद्योग को 2026 में 41 अरब डालर के रिकार्ड मुनाफे की उम्मीद
Global Airline Profit 2026
इंटरनेशनल एअर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) ने अनुमान व्यक्त किया है कि वैश्विक एयरलाइन उद्योग का शुद्ध लाभ वर्ष 2026 में बढ़कर 41 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर (Global Airline Profit 2026) तक पहुंच सकता है। यह मौजूदा वर्ष के लिए अनुमानित 39.5 अरब डॉलर से भी अधिक है,
जिससे संकेत मिलता है कि महामारी के बाद विमानन क्षेत्र ने न केवल रिकवरी की है बल्कि मजबूत विकास गति भी पकड़ ली है। आइएटीए, जो दुनिया की करीब 360 एयरलाइंस का प्रतिनिधित्व करती है और जिसका कवरेज वैश्विक हवाई यातायात के 80% से अधिक हिस्से तक है, ने आगामी वित्तीय स्थिति पर सकारात्मक दृष्टिकोण प्रस्तुत किया है।
एशिया-प्रशांत की मांग बढ़ाएंगे भारत-चीन
संगठन ने बताया कि एशिया–प्रशांत क्षेत्र की यात्री मांग मुख्य रूप से भारत और चीन जैसे उभरते बाजारों से संचालित होगी। अनुमान है कि वर्ष 2026 में इस क्षेत्र का शुद्ध लाभ 6.6 अरब डॉलर और प्रति यात्री लाभ 3.20 डॉलर रहेगा।
आइएटीए के अध्ययनों के अनुसार अगले वर्ष यात्रियों की संख्या कुल परिचालन क्षमता के मुकाबले 83.8% के रिकॉर्ड स्तर (Global Airline Profit 2026) तक पहुंच सकती है। सप्लाई चेन चुनौतियों और परिचालन लागत में उतार-चढ़ाव के बावजूद शुद्ध लाभ मार्जिन 3.9% रहने का अनुमान है।
2026 में राजस्व 1,053 अरब डॉलर, यात्रियों की संख्या 5.2 अरब
संगठन ने वित्तीय पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि एयरलाइन उद्योग का कुल राजस्व 2026 में बढ़कर 1,053 अरब डॉलर हो सकता है जबकि परिचालन खर्च 981 अरब डॉलर के आसपास रहने का अनुमान है। यानी एयरलाइंस खर्च से अधिक आय अर्जित कर सकेंगी, जिससे लाभप्रदता और मजबूत होगी।
प्रति यात्री औसत शुद्ध लाभ लगभग 7.90 डॉलर रहने की संभावना है, जो वर्ष 2025 के स्तर के समान है। आइएटीए के महानिदेशक विली वॉल्श ने कहा — “एयरलाइन सेक्टर ने हाल के वर्षों में खुद को लचीला और टिकाऊ बनाया है। यही कारण है कि वैश्विक एविएशन इंडस्ट्री लगातार स्थिर मुनाफे की ओर लौट रही है।” अनुमान है कि हवाई यात्रियों की संख्या 2026 में 5.2 अरब (Global Airline Passenger Growth) पहुंच सकती है, जो 2025 की तुलना में 4.4% की वृद्धि दर्शाती है।
