Excise Action : शराब बिक्री में गड़बड़ी पर गिरी गाज, जांच के बाद चार अधिकारियों पर हुई बड़ी कार्रवाई

शराब दुकानों में निर्धारित कीमत से अधिक वसूली की शिकायतों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया (Excise Action) है। हाल के दिनों में अलग अलग क्षेत्रों से मिल रही शिकायतों के बाद जांच तेज की गई थी। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर बड़ी कार्रवाई होने से आबकारी अमले में हलचल बढ़ गई है।
कार्रवाई की खबर सामने आते ही संबंधित जिलों में चर्चा का माहौल बन गया। अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं से तय दर से अधिक राशि वसूलने और निगरानी में लापरवाही के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। इसी क्रम में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
चार आबकारी उप निरीक्षक निलंबित : Excise Action
छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों में शराब दुकानों में अधिक कीमत पर बिक्री और नियंत्रण में लापरवाही के मामलों में चार आबकारी उप निरीक्षकों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई राज्य स्तरीय उड़नदस्ता की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
इन अधिकारियों पर गिरी कार्रवाई की गाज
निलंबित अधिकारियों में धमतरी जिले के कुरूद वृत्त प्रभारी पुरुषोत्तम सिन्हा, खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिले के गंडई वृत्त प्रभारी प्रभाकर सिरमौर, बलौदाबाजार जिले के सिमगा वृत्त प्रभारी मनराखन नेताम तथा रायपुर जिले के पंडरी वृत्त प्रभारी कौशल किशोर सोनी शामिल हैं।
जांच में सामने आई ओवररेटिंग
जांच के दौरान गंडई, हिरमी, कुरूद और फाफाडीह स्थित शराब दुकानों में छद्म ग्राहकों के माध्यम से खरीदारी कराई गई। जांच में निर्धारित दर से 10 रुपये से लेकर 60 रुपये तक अधिक राशि वसूले जाने की पुष्टि हुई।
विक्रेताओं पर भी दर्ज हुए प्रकरण
मामले में संबंधित शराब दुकानों के विक्रयकर्ताओं के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 39(ग) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि नियमानुसार आगे की कार्रवाई (Excise ActionS) भी जारी रहेगी।
अनियमितताओं पर जारी रहेगी सख्ती
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराब बिक्री में किसी भी प्रकार की अनियमितता, ओवररेटिंग या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भविष्य में भी जांच और कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा।



