मनोरंजन

Drishyam 3 Hindi : ‘दृश्यम 3’ की शूटिंग पूरी, प्रकाश राज ने साझा किया खास पोस्ट, इस दिन रिलीज होगी फिल्म

अजय देवगन की सुपरहिट सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम’ के तीसरे पार्ट का दर्शकों को लंबे समय से इंतजार है। पहले दो भागों की जबरदस्त सफलता के बाद अब ‘दृश्यम 3’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हाल ही में फिल्म का टीजर रिलीज किया गया था, जिसके बाद से ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा लगातार तेज बनी हुई है। अब फिल्म से जुड़ा एक नया अपडेट सामने आया है। अभिनेता प्रकाश राज ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी है कि उन्होंने ‘दृश्यम 3’ की शूटिंग पूरी कर ली है।

प्रकाश राज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की है। तस्वीर में वह कैमरे की तरफ पीठ किए खड़े नजर आ रहे हैं। वह एक ऑफिस सेटअप में दिखाई दे रहे हैं और तस्वीर में ‘दृश्यम 3’ लिखा हुआ क्लैपबोर्ड भी साफ नजर आ रहा है। इस तस्वीर को साझा करते हुए प्रकाश राज ने खास कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा, “दृश्यम 3 हिंदी… एक शानदार टीम के साथ शूटिंग पूरी हुई। इस फिल्म का हिस्सा बनकर बहुत अच्छा लगा और काफी मजा आया। मुझे पूरा भरोसा है कि दर्शकों को भी यह फिल्म पसंद आएगी। अब अगली फिल्म की ओर बढ़ रहा हूं।”

प्रकाश राज के इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। फैंस लगातार फिल्म की रिलीज और कहानी को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं। कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए लिखा कि उन्हें एक बार फिर विजय सालगांवकर की कहानी देखने का इंतजार है। वहीं कुछ लोगों ने फिल्म को साल की सबसे बड़ी सस्पेंस-थ्रिलर बताया है।

अभिषेक पाठक के निर्देशन में बन रही ‘दृश्यम 3’ इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी का तीसरा भाग है। इससे पहले रिलीज हुए दोनों भागों को दर्शकों का शानदार प्यार मिला था। खासकर दूसरे भाग ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई करते हुए रिकॉर्ड बनाए थे। फिल्म की कहानी, सस्पेंस और कलाकारों की दमदार एक्टिंग को काफी सराहा गया था।

इसी बीच मोहनलाल अभिनीत मलयालम ‘दृश्यम 3’ भी रिलीज हो चुकी है और सिनेमाघरों में दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। ऐसे में हिंदी ‘दृश्यम 3’ को लेकर भी उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। जानकारी के मुताबिक हिंदी संस्करण इसी साल 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।

फिल्म की स्टार कास्ट की बात करें तो इसमें अजय देवगन, तब्बू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता और प्रकाश राज एक बार फिर अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ये सभी कलाकार पहले भाग से ही फिल्म का हिस्सा रहे हैं। वहीं इस बार अभिनेता जयदीप अहलावत के भी फिल्म में महत्वपूर्ण किरदार निभाने की चर्चा है। माना जा रहा है कि तीसरे भाग में पहले से ज्यादा सस्पेंस, थ्रिल और बड़े ट्विस्ट देखने को मिल सकते हैं।

Related Articles

Back to top button