खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को सम्मानित करने के लिए राज्य खेल अलंकरण (Chhattisgarh Sports Award) के आवेदन आमंत्रित किए हैं। खेल संचालक तनुजा सलाम द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी 5 अगस्त तक आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल आनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। सभी 33 जिलों के खेल अधिकारियों और राज्य खेल संघों को निर्धारित समय-सीमा में पात्र आवेदनों का परीक्षण कर संचालनालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
केवल आनलाइन आवेदन ही होंगे मान्य
खेल विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य खेल अलंकरण (Sports Honor) के लिए केवल विभाग की अधिकृत वेबसाइट पर अपलोड किए गए आवेदन ही मान्य होंगे। शहीद पंकज विक्रम सम्मान के लिए खिलाड़ी सीधे आवेदन नहीं कर सकेंगे। उनके आवेदन संबंधित राज्य खेल संघ की अनुशंसा के साथ ही स्वीकार किए जाएंगे। हालांकि यदि किसी मान्यता प्राप्त खेल संघ ने पात्र खिलाड़ी के नाम की अनुशंसा नहीं की है, तो वह खिलाड़ी 5 अगस्त तक अपना आवेदन व्यक्तिगत रूप से संचालनालय या जिला खेल कार्यालय में जमा कर सकता है।
इन पुरस्कारों में मिलेंगे तीन लाख रुपये तक
खेल विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य खेल पुरस्कार (Sports Awards) के तहत विभिन्न श्रेणियों में नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार : सीनियर वर्ग के उन खिलाड़ियों को तीन लाख रुपये दिए जाएंगे, जिन्होंने राष्ट्रीय खेल, राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीता हो या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया हो।
शहीद कौशल यादव पुरस्कार : जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के पदक विजेताओं को 1.50 लाख रुपये दिए जाएंगे।
वीर हनुमान सिंह पुरस्कार : उत्कृष्ट प्रशिक्षक और निर्णायकों को 1.50 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।
शहीद विनोद चौबे सम्मान : 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे खेल दिग्गजों को 25 हजार रुपये दिए जाएंगे, जिन्होंने राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की हो अथवा खेल क्षेत्र में विशेष योगदान दिया हो।
शहीद पंकज विक्रम सम्मान : लगातार पांच वर्षों में चार बार सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले महिला और पुरुष खिलाड़ियों को 25 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ट्राफी में भी मिलेगा आकर्षक पुरस्कार
मुख्यमंत्री ट्राफी (Chief Minister Trophy) के तहत दलीय खेलों में भी खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
चार खिलाड़ियों वाले दल के सीनियर वर्ग को दो लाख रुपये तथा जूनियर वर्ग को एक लाख रुपये।
चार से अधिक खिलाड़ियों वाले सीनियर दल को पांच लाख रुपये तथा जूनियर दल को तीन लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।
नकद पुरस्कार के अलावा सभी विजेताओं को मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर और टाई भी प्रदान किए जाएंगे।
खेलवृत्ति, नकद प्रोत्साहन और प्रेरणा निधि का भी मिलेगा लाभ
खेलवृत्ति (Sports Scholarship) अधिकृत राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को दी जाएगी। इसके लिए अधिकतम आयु सीमा 19 वर्ष निर्धारित की गई है।
वर्ष 2025-26 के दौरान सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नकद प्रोत्साहन राशि (Cash Incentive) भी दी जाएगी। वहीं राज्य के खेल संघों को उनकी उपलब्धियों के आधार पर प्रेरणा निधि (Sports Incentive Fund) प्रदान की जाएगी। इसके लिए आवेदन जिला खेल कार्यालय अथवा संचालनालय में जमा किए जा सकेंगे।
