रायपुर। तुलसी पूजा और देवउठनी एकादशी के साथ ही राजधानी रायपुर में एक बार फिर शादियों का सीजन शुरू होने जा रहा है। नवंबर और दिसंबर में विवाह के कुल 11 शुभ मुहूर्त होने के चलते शहर के मैरिज गार्डन, सामाजिक भवन, होटल और रिसॉर्ट की बुकिंग तेज हो गई है। कई प्रमुख विवाह स्थलों की बुकिंग पहले ही हो चुकी है। इस बार शादियों में थीम बेस्ड डेकोरेशन और आध्यात्मिक माहौल का खास क्रेज देखने को मिल रहा है। रामायण, वृंदावन और ऋषिकेश थीम पर शादियां आयोजित करने की तैयारी है, जिन पर 10 से 40 लाख रुपये तक खर्च किए जाएंगे।
नवंबर में 4 और दिसंबर में 7 शुभ मुहूर्त
हिंदू मान्यता के अनुसार देवशयनी एकादशी से देवउठनी एकादशी तक विवाह सहित मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं। इस वर्ष देवउठनी एकादशी 20 नवंबर को है। पंचांग के अनुसार नवंबर और दिसंबर में विवाह के लिए कुल 11 शुभ तिथियां निर्धारित हैं।
इनमें नवंबर की 21, 24, 25 और 26 तारीख तथा दिसंबर की 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 तारीख शामिल हैं। मैरिज भवन संचालकों के मुताबिक इन शुभ तिथियों के लिए पहले से ही बुकिंग हो चुकी है। कई लोगों ने एडवांस राशि भी जमा कर दी है।
सिंधी समाज, गुजराती समाज और महाराष्ट्र मंडल के सामाजिक भवनों में भी विवाह समारोहों के लिए बुकिंग शुरू हो गई है। नवंबर के चारों शुभ मुहूर्त के लिए कई भवनों की बुकिंग हो चुकी है।
रामायण थीम पर दिखेगी राम-जानकी विवाह की झलक
इस बार शादियों में थीम बेस्ड आयोजन खास आकर्षण का केंद्र रहने वाले हैं। वेडिंग प्लानर विनायक शर्मा के अनुसार इस सीजन रामायण थीम पर विवाह समारोह आयोजित करने की मांग है। इसमें मेहमानों को राम-जानकी विवाह की झलक देखने को मिलेगी।
इस थीम के तहत विवाह पंडाल को भगवा रंग से सजाया जाएगा। दूल्हा-दुल्हन की विशेष अंदाज में एंट्री कराई जाएगी। समारोह में 11 ब्राह्मणों द्वारा शंखनाद, ढोल-नगाड़ों और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आध्यात्मिक वातावरण तैयार किया जाएगा। रामायण थीम पर शादी का बजट 10 लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है।
वहीं, वृंदावन और ऋषिकेश की थीम पर विवाह आयोजित करने के लिए लोग 30 से 40 लाख रुपये तक खर्च करने की तैयारी कर रहे हैं।
होटल और रिसॉर्ट में शाही शादियों की तैयारी
राजधानी में शाही शादियों को लेकर होटल और रिसॉर्ट की मांग भी बढ़ गई है। ललित महल में विवाह समारोहों के लिए पूछताछ बढ़ी है। शुभ मुहूर्त को देखते हुए लोग होटल के कमरे और आयोजन स्थल पहले से बुक करा रहे हैं। अलग-अलग थीम के अनुसार विवाह स्थल को सजाने की तैयारी की जा रही है।
कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित आवासेन धाम में नवंबर महीने में छह से अधिक शादियां आयोजित होंगी। इनकी बुकिंग कई महीने पहले ही हो चुकी है। यहां सामाजिक संगठनों और समाज के लोगों की ओर से अधिक बुकिंग कराई गई है। अग्रवाल समाज ने विवाह समारोहों के लिए नए कमरे भी तैयार किए हैं, जिनका एक दिन का किराया एक लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है।
इसके अलावा अग्रोहा धाम और सिंधु भवन में भी विवाह समारोहों के लिए पूछताछ बढ़ गई है। नवंबर की बुकिंग लगभग पूरी होने की जानकारी सामने आई है।
थीम और भव्य सजावट पर बढ़ रहा खर्च
इस बार विवाह समारोहों में केवल पारंपरिक आयोजन ही नहीं, बल्कि भव्य सजावट, विशेष एंट्री, धार्मिक अनुष्ठान और अलग-अलग थीम पर भी जोर दिया जा रहा है। वेडिंग प्लानर से लेकर होटल और मैरिज भवन संचालकों तक के पास लगातार बुकिंग और पूछताछ पहुंच रही है।
