रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र के विकास विहार कॉलोनी रायपुरा निवासी से रेलवे कार्यालय का कर्मचारी बताकर अज्ञात ठग ने 7 लाख 49 हजार 784 रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली। आरोपी ने रेलवे कर्मचारियों के पेंशन संबंधी दस्तावेज अपडेट कराने का झांसा देकर मोबाइल में फर्जी ऐप इंस्टॉल करवाए और बैंक खाते से रकम निकाल ली।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, प्रार्थिया श्रद्धा राजू जोल्दे, राजू दामोदर जोल्दे के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। उसने खुद को रेलवे के डीआरएम कार्यालय का कर्मचारी बताया और कहा कि रेलवे कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने के एक साल बाद पीपीओ नंबर (पेंशन भुगतान आदेश) रिवाइज कराना अनिवार्य है।
फर्जी ऐप इंस्टॉल करवाकर की ठगी
आरोपी ने इसी प्रक्रिया का हवाला देकर पीड़ित के मोबाइल फोन में हार्म रेलवे ऐप और बैंक ऑफ बड़ौदा का बीओबी वर्ल्ड ऐप इंस्टॉल करवाया। इसके बाद आरोपी ने ऑनलाइन माध्यम से बैंक खाते से कुल 7,49,784 रुपए निकाल लिए।
ठगी का पता चलने पर पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत की। मामले में दीनदयाल उपाध्याय नगर थाने में अपराध क्रमांक 719/26 के तहत 14 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी की पहचान फिलहाल अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के रूप में की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ऑनलाइन ठगी के इस मामले में आरोपी तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।
