Aajeevika Mission Recruitment : आजीविका मिशन में कोई भर्ती नहीं, भ्रामक पत्र से सावधान रहने की अपील

मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (SRLM) में वर्तमान समय में किसी भी स्तर पर कोई भर्ती प्रक्रिया (Aajeevika Mission Recruitment) संचालित नहीं की जा रही है। इसके बावजूद प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक भ्रामक और निराधार पत्र के माध्यम से भर्ती से जुड़ी झूठी जानकारी फैलाई जा रही है, जिसे विभाग ने पूरी तरह असत्य बताया है।
जारी स्पष्टीकरण के अनुसार, वायरल हो रहा पत्र पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के उप सचिव एस. के. मिश्रा के नाम से हस्ताक्षरित दर्शाया गया है, जबकि विभाग में इस नाम का कोई भी उप सचिव पदस्थ नहीं है। यह पत्र पूरी तरह जाली है और इसका विभाग से कोई लेना-देना नहीं है।
भ्रामक पत्र में भारत सरकार का पत्र क्रमांक F/2479 दिनांक 27.12.2025 का हवाला दिया गया है, जिसे भी विभाग ने पूर्णतः निराधार और फर्जी करार दिया है। स्पष्ट किया गया है कि आजीविका मिशन में न तो किसी प्रकार की भर्ती स्वीकृत है और न ही इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश जारी किया गया है।
विभाग ने आमजन, युवाओं और अभ्यर्थियों (Aajeevika Mission Recruitment) से अपील की है कि वे इस प्रकार के फर्जी पत्रों, अफवाहों और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही सूचनाओं पर ध्यान न दें। किसी भी भर्ती या नियुक्ति से संबंधित जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत सूचना माध्यमों के जरिए ही जारी की जाती है।
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ने यह भी कहा है कि इस तरह की भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है।



