Site icon Navpradesh

BREAKING: महाशिवरात्रि पर बड़ा हादसा; करंट लगने से 14 बच्चे झुलसे..लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, ऊर्जा मंत्री अस्पताल पहुंचे..

BREAKING: Major accident on Mahashivratri; 14 children got burnt due to electric shock.. Lok Sabha Speaker Om Birla, Energy Minister reached the hospital..

Mahashivratri

-भगवान शिव की बारात के दौरान करंट लगने बच्चे घायल

कोटा। Mahashivratri: महाशिवरात्री के पवित्र दिन राजस्थान के कोटा में एक बड़ा हादसा हो गया। भगवान शिव की बारात के दौरान करंट लगने से 14 बच्चे गंभीर रूप से झुलस गये। घटना आज दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कुन्हाड़ी थर्मल चौक के पास हुई। इस घटना के बाद महकमे में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग घायल बच्चों को लेकर तुरंत अस्पताल पहुंचे। हादसे की जानकारी जैसे ही घायल बच्चों के परिजनों को हुई तो वे भी अस्पताल पहुंच गए।

सभी घायल बच्चों को इलाज के लिए एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर अस्पताल पहुंचे और घायल बच्चों से मुलाकात की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायलों में एक लड़का 70 फीसदी, जबकि दूसरा 50 फीसदी जल गया है। बाकी बच्चे 10-15 फीसदी जले हैं। सभी की उम्र 9 से 16 साल के बीच है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आयोजकों की लापरवाही के कारण हादसा हुआ है।

कोटा एसपी अमृता धवन ने बताया कि घटना दोपहर करीब 12.30 बजे की है। भगवान शिव की बारात में बड़ी संख्या में लोग जुटे थे, जिनमें 20-25 बच्चे और महिला-पुरुष शामिल थे। इसमें एक लड़के के हाथ में 20 से 22 फीट लंबा लोहे का पाइप था जो हाईटेंशन तार से टकरा गया और करंट फैल गया। वहां मौजूद अन्य बच्चे भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए।

घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल टीम को अलर्ट कर दिया गया। चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि उन्हें प्राथमिकता से इलाज दिया जा रहा है। उधर करंट लगने की घटना के बाद घायल बच्चों के आक्रोशित परिजनों ने आयोजकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पिटाई कर दी। फिलहाल पुलिस घटना की आगे की जांच कर रही है।

Exit mobile version