
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 1 फरवरी 2026, रविवार को जिले में दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी। कक्षा एक से पांच तक अध्यापन पात्रता की परीक्षा पूर्वान्ह 9.30 बजे से 12.15 बजे तक आयोजित होगी, जबकि कक्षा छह से आठ तक की पात्रता परीक्षा अपरान्ह 3.00 बजे से 5.45 बजे तक ली जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलमुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं।
प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों तक गोपनीय सामग्री पहुंचाने और परीक्षा उपरांत उसे सुरक्षित रूप से कोषालय तक वापस लाने के लिए केंद्रवार आब्जर्वरों की तैनाती (Vyapam TET Exam) की गई है। शासकीय और निजी शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि पूरी प्रक्रिया पर स्वतंत्र और सतत निगरानी बनी रहे।
बलौदाबाजार, भाटापारा और आसपास के क्षेत्रों में स्थित परीक्षा केंद्रों में उप अभियंता, उप संचालक, खाद्य निरीक्षक, औषधि निरीक्षक, खनि अधिकारी, एसडीओ, सहायक अभियंता और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को आब्जर्वर के रूप में नियुक्त किया गया है। प्रत्येक आब्जर्वर को गोपनीय सामग्री, परीक्षा संचालन और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित स्पष्ट दायित्व सौंपे गए हैं।
इसके अलावा, किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए उड़नदस्ता दलों का गठन (Vyapam TET Exam) किया गया है। इन दलों में नायब तहसीलदार, अतिरिक्त तहसीलदार और शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल किए गए हैं, जो परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे और नकल या अव्यवस्था की स्थिति में तुरंत हस्तक्षेप करेंगे।
जिला प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केंद्रों पर अभ्यर्थियों की जांच, समयपालन और अनुशासन को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को पारदर्शी माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।
शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर बनाई गई यह सख्त व्यवस्था न केवल परीक्षा की विश्वसनीयता को मजबूत करती है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि भविष्य के शिक्षकों के चयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।



