Bankipur Bypoll : बांकीपुर उपचुनाव में किस पर लगेगा दांव, सबसे ज्यादा चर्चा बीजेपी और प्रशांत किशोर की

बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव का माहौल गरमा (Bankipur Bypoll) गया है। चुनाव की तारीख घोषित होने के बाद सभी प्रमुख राजनीतिक दल उम्मीदवार चयन में जुट गए हैं। सबसे ज्यादा चर्चा भारतीय जनता पार्टी और जन सुराज की रणनीति को लेकर हो रही है। माना जा रहा है कि यदि जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर चुनाव मैदान में उतरते हैं तो मुकाबला काफी दिलचस्प हो सकता है। हालांकि अभी तक किसी भी प्रमुख दल ने अपने उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ऐसे में राजनीतिक हलकों की नजर आने वाले कुछ दिनों पर टिकी हुई है।

क्या बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर Bankipur Bypoll

राजनीतिक चर्चाओं के बीच माना जा रहा है कि जन सुराज की ओर से प्रशांत किशोर को बांकीपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि इस पर अंतिम फैसला 5 जुलाई को होने वाली पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में लिया जा सकता है। यदि प्रशांत किशोर चुनाव लड़ते हैं तो यह उपचुनाव जन सुराज के लिए राजनीतिक ताकत दिखाने का बड़ा अवसर माना जाएगा।

चार दशक से बीजेपी का मजबूत गढ़

बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ रही है। इस सीट पर पिछले कई चुनावों में बीजेपी का दबदबा कायम रहा है। पूर्व विधायक नितिन नवीन के राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारी मिलने के बाद सीट खाली हुई, जिसके चलते यहां उपचुनाव कराया जा रहा है।

सीट का सामाजिक समीकरण

बांकीपुर पूरी तरह शहरी विधानसभा क्षेत्र है। यहां शिक्षित मतदाता, व्यापारी वर्ग और मध्यम वर्ग की संख्या अच्छी मानी जाती है। इसके अलावा कायस्थ, वैश्य, भूमिहार, ब्राह्मण, राजपूत, यादव, कुर्मी, अति पिछड़ा वर्ग, दलित और मुस्लिम मतदाता भी चुनावी परिणाम को प्रभावित करने वाले प्रमुख वर्ग माने जाते हैं।

बीजेपी में कई नामों की चर्चा

बीजेपी की ओर से संभावित उम्मीदवारों में नील रतन घोष का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। उन्हें संगठन में लंबे समय से सक्रिय नेता माना जाता है। इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय आलोक, पूर्व विधायक अरुण सिन्हा के पुत्र आशीष सिन्हा तथा हाल ही में बीजेपी में शामिल हुईं रितु जायसवाल के नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि पार्टी ने अभी किसी नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगाई है।

मुकाबला किसके बीच बनने की संभावना

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि प्रशांत किशोर चुनाव मैदान में उतरते (Bankipur Bypoll) हैं तो मुख्य मुकाबला बीजेपी और जन सुराज के बीच देखने को मिल सकता है। इस बीच जनशक्ति जनता दल ने सामाजिक कार्यकर्ता मीणा मानवी को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है।

5 जुलाई पर टिकी नजर

अब सभी की नजर 5 जुलाई पर है, जब जन सुराज अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर सकती है। वहीं बीजेपी भी इसी दौरान अपने प्रत्याशी का ऐलान कर सकती है। उपचुनाव के लिए 13 जुलाई तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 30 जुलाई को मतदान होगा और 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

Exit mobile version