छत्तीसगढ़

Anti Naxal Operation : जंगल में छिपा था नक्सलियों का बड़ा राज, सर्च अभियान में मिला सोना, हथियार और भारी विस्फोटक

दंतेवाड़ा के जंगलों में चलाए गए सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों के हाथ ऐसी बरामदगी (Anti Naxal Operation) लगी है, जिसे नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। लंबे समय से छिपाकर रखे गए एक गुप्त ठिकाने का खुलासा होने के बाद मौके से बड़ी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किया गया।

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार यह कार्रवाई हाल ही में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे माओवादियों की सटीक निशानदेही पर की गई। अभियान के दौरान मिले सामान ने नक्सलियों के नेटवर्क और उनकी तैयारियों की एक बार फिर पोल खोल दी है।

आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों की सूचना पर हुई कार्रवाई Anti Naxal Operation

जानकारी के मुताबिक दंतेवाड़ा पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम 12 जुलाई को थाना बारसूर क्षेत्र के ग्राम तोड़मा के जंगल और पहाड़ी इलाके में सर्च अभियान पर निकली थी। इसी दौरान नक्सलियों का छिपाकर रखा गया बड़ा डंप बरामद किया गया।

सोने का बिस्किट, नकदी और हथियार मिले

सर्च के दौरान टीम ने करीब 116 ग्राम वजन का सोने का बिस्किट बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा 2 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए। मौके से इंसास राइफल, एके 47 और एसएलआर की मैग्जीन व कारतूस, 12 बोर बंदूकें, बीजीएल लांचर, रिवॉल्वर सहित कई हथियार भी बरामद किए गए।

भारी मात्रा में विस्फोटक भी मिला Anti Naxal Operation

सुरक्षा बलों ने टिफिन बम, पाइप बम, तीर बम, हैंड ग्रेनेड, मोर्टार, डेटोनेटर, जिलेटिन, कोडेक्स वायर, कुकर, वर्दियां, दवाइयां और नक्सली साहित्य भी जब्त किया। बरामद सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है।

आत्मसमर्पण नीति का दिखा असर

पुलिस ने इस कार्रवाई को आत्मसमर्पण नीति की बड़ी सफलता (Anti Naxal Operation) बताया है। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यधारा में लौट रहे पूर्व माओवादियों के सहयोग से नक्सल संगठन के ठिकानों और नेटवर्क की सटीक जानकारी मिल रही है, जिससे लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा, ताकि संगठन की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Related Articles

Back to top button