Agniveer Recruitment 2027 : अग्निवीर भर्ती 2027 के लिए ऑनलाइन पंजीयन शुरू, इस तारीख तक करें आवेदन

Agniveer Recruitment 2027

भारतीय सेना में शामिल होने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती 2027 की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऑनलाइन पंजीयन के साथ कॉमन एंट्रेंस एग्जाम की तैयारी तेज हो गई है। अधिक पंजीयन से राज्य के लिए पदों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

रायपुर, 23 फरवरी 2026। भारतीय सेना में भर्ती होने के इच्छुक युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। सेना द्वारा अग्निवीर भर्ती 2027 (Agniveer Recruitment 2027) के लिए ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी जॉइन इंडियन आर्मी की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर 01 अप्रैल 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

सेना भर्ती कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, उम्मीदवारों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पूरा करना अनिवार्य होगा। इसके बाद चयन प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षा जुलाई-अगस्त 2026 में आयोजित होने वाली है। परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को जनवरी 2027 में प्रस्तावित भर्ती रैली में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

पंजीयन संख्या से तय होंगे पद

भर्ती कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य को मिलने वाले अग्निवीर पद सीधे तौर पर पंजीयन की संख्या पर निर्भर करते हैं। यानी जितने अधिक युवा आवेदन करेंगे, राज्य के लिए पदों की संख्या बढ़ने की संभावना उतनी ही अधिक होगी। इसी कारण युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया (Agniveer Recruitment 2027) में भाग लेने की अपील की गई है।

पिछले वर्षों के आंकड़े इस प्रवृत्ति को स्पष्ट करते हैं। वर्ष 2023-24 में कुल 14,153 युवाओं ने पंजीयन कराया था, जिसके आधार पर 895 पद आबंटित हुए। वर्ष 2024-25 में पंजीयन बढ़कर 19,355 हुआ, जबकि पदों की संख्या 731 रही। वहीं वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 28,547 युवाओं ने आवेदन किया।

इन आंकड़ों के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि अग्निवीर भर्ती 2027 (Agniveer Recruitment 2027) के तहत छत्तीसगढ़ को इस बार लगभग 1100 से 1300 पद मिल सकते हैं। हालांकि अंतिम संख्या केंद्र स्तर पर जारी की जाएगी।

ऐसे करें ऑनलाइन पंजीयन

अभ्यर्थियों को सबसे पहले जॉइन इंडियन आर्मी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नया रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के युवा भी आसानी से आवेदन कर सकें।

भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करते समय मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी सही दर्ज करें, क्योंकि परीक्षा और भर्ती से जुड़ी सभी सूचनाएं ऑनलाइन माध्यम से ही भेजी जाएंगी। उम्मीदवारों को परीक्षा की तैयारी अभी से शुरू करने की भी सलाह दी गई है।

युवाओं में बढ़ रहा उत्साह

राज्य में अग्निवीर योजना के प्रति युवाओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में युवा सेना में शामिल होने के लिए आवेदन कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह योजना युवाओं को अनुशासन, कौशल और राष्ट्रीय सेवा का अवसर प्रदान करती है।

भर्ती अधिकारियों के अनुसार, अधिक पंजीयन से राज्य की भागीदारी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी और युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने के अधिक अवसर मिलेंगे। इसलिए इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन करने और आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।

You may have missed