Diwali Bonus Chhattisgarh : दीवाली से पहले सौगात….! 88 हजार से अधिक श्रमिकों के खातों में पहुंचे 26 करोड़ 90 लाख रुपए

Global Hunger Crisis

Global Hunger Crisis

Diwali Bonus Chhattisgarh : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ के श्रमिकों को दिवाली से पहले बड़ी सौगात मिली है। राज्य सरकार ने भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के तहत 26 करोड़ 90 लाख 1 हजार 202 रुपए की सहायता राशि सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के जरिए 88,568 श्रमिकों के खातों में अंतरित की है।

श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन और मंडल अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह की मौजूदगी में यह राशि श्रमिकों के खातों में अंतरित की गई। श्रम विभाग के सचिव सह श्रमायुक्त हिमशिखर गुप्ता ने बताया कि मंडल द्वारा संचालित 18 कल्याणकारी योजनाओं के तहत यह राशि वितरित की गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि श्रमिक राज्य की विकास यात्रा के सच्चे निर्माता हैं। सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक श्रमिक परिवार को त्यौहारों के पहले आर्थिक सुरक्षा और सम्मान का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि भविष्य में श्रम कल्याण योजनाओं को और विस्तार दिया जाएगा ताकि हर कार्यकर्ता ‘आत्मनिर्भरता’ की दिशा में आगे बढ़ सके।

विभिन्न योजनाओं से श्रमिकों को मिली आर्थिक राहत

छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के सचिव गिरीश रामटेके ने बताया कि दिवाली से पहले बड़ी संख्या में श्रमिकों को आर्थिक राहत दी गई है। मंडल द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत कुल ₹26 करोड़ 90 लाख से अधिक राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से हितग्राहियों के खातों में अंतरित की गई है। दीदी-ई रिक्शा सहायता योजना के अंतर्गत 12 हितग्राहियों को ₹12 लाख की राशि प्रदान की गई। वहीं, गणवेश एवं पुस्तक-कॉपी सहायता योजना के तहत 42,494 श्रमिकों को ₹5 करोड़ 49 लाख 5 हजार रुपए का भुगतान किया गया।

मिनिमाता महतारी जतन योजना के अंतर्गत 1,804 श्रमिकों को ₹3 करोड़ 60 लाख 80 हजार रुपए की सहायता दी गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना के तहत 2,124 श्रमिकों को ₹31 लाख 86 हजार रुपए का भुगतान किया गया है। मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत 207 हितग्राहियों को ₹2 करोड़ 11 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी गई, जबकि मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत 557 बच्चों को ₹60 लाख 40 हजार 350 रुपए का लाभ मिला है।

शिक्षा से लेकर आत्मनिर्भरता तक फैली योजनाओं की श्रृंखला

मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के अंतर्गत 2,867 श्रमिकों को ₹5 करोड़ 73 लाख 40 हजार रुपए प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना से 24,655 बच्चों को ₹6 करोड़ 67 लाख 37 हजार 500 रुपए की छात्रवृत्ति दी गई। मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना में 2,636 श्रमिकों को ₹91 लाख 74 हजार 240 रुपए का लाभ मिला। वहीं, मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना के तहत 1,519 श्रमिकों को ₹56 लाख 24 हजार 212 रुपए की सहायता राशि दी गई। मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना से 33 हितग्राहियों को ₹33 लाख रुपए मिले, जबकि मुख्यमंत्री दीर्घायु सहायता योजना में 9 श्रमिकों को ₹1 लाख 80 हजार रुपए की सहायता दी गई।

मुख्यमंत्री सिलाई मशीन सहायता योजना के तहत 16 श्रमिकों को ₹1 लाख 26 हजार 400 रुपए की सहायता राशि मिली। अंत में, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना में 46 हितग्राहियों को ₹67 हजार 500 रुपए का भुगतान किया गया। यह पूरी राशि श्रमिकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से सीधे अंतरित की गई है, ताकि उन्हें त्योहार के अवसर पर किसी भी प्रकार की आर्थिक परेशानी न हो और उनके परिवार सुरक्षित व खुशहाल रहें। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि “हर श्रमिक राज्य की विकास यात्रा का स्तंभ है। सरकार का प्रयास है कि हर मेहनतकश परिवार के घर तक खुशियों की रोशनी पहुंचे।”