देश

हरियाणा कांग्रेस प्रवक्ता विकास चौधरी की हत्या

फरीदाबाद । राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के फरीदाबाद में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी की गुरुवार को कुछ अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। श्री चौधरी को फरीदाबाद के सेक्टर नौ में करीब दस गोलियां मारी गई। घायल श्री चौधरी को स्थानीय लोगों ने निकट के सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रवक्ता पर दो हमलावरों ने गोलियां चलाईं। पुलिस को घटनास्थल से 12 खोखे मिले हैं।

श्री चौधरी पर हमला उस समय किया गया जब वह अपनी गाड़ी से जिम में व्यायम के लिए जा रहे थे। पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब नौ बजे की है। हमलावरों को पकड़ने के लिए आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज पुलिस खंगाल रही है। श्री चौधरी के सेक्टर 9 के हुड्डा मार्केट में स्थित पीएचसी जिम में जाने के लिए गाड़ी से उतरे ही हमलावरों ने उनपर तबाड़तोड गोलियां बरसानी शुरु कर दीं। श्री चौधरी की गर्दन और छाती पर गोलियां मारी गईं।

हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक तंवर ने श्री चौधरी की हत्या पर कड़ा रोष जताते हुए कहा है कि राज्य में ‘जंगल राज’ है,कानून -व्यवस्था नहीं है और किसी को कानून का कोई भय नहीं है। गत दिवस भी छेड़छाड़ का विरोध करने वाली एक महिला को चाकू घोंप दिया गया था । प्रदेश अध्यक्ष ने श्री चौधरी की हत्या की जांच कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button