VBG RAM-G Scheme : प्रदेश की हर ग्राम पंचायत तक पहुंचेगी भाजपा, वीबी-जी राम जी योजना का लाभ बताएंगे कार्यकर्ता
VBG RAM-G Scheme
भाजपा विकसित भारत-गारंटी फार रोजगार एंड आजीविका मिशन-ग्रामीण यानी वीबी-जी राम जी योजना (VBG RAM-G Scheme) को लेकर प्रदेशव्यापी जन जागरूकता अभियान चलाएगी।
इस योजना का लाभ बताने के लिए भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत तक पहुंचेंगे। 13 से 25 जनवरी तक सभी जिलों में कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जबकि 10 से 28 फरवरी तक ग्राम पंचायतों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को योजना की जानकारी दी जाएगी।
भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में रविवार को आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में अभियान की रणनीति तय की गई। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यशाला से जुड़े और प्रजेंटेशन के जरिए वीबी-जी राम जी योजना (VBG RAM-G Scheme) पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने बताया कि जहां मनरेगा के तहत 100 दिनों का रोजगार मिलता था, वहीं वीबी-जी राम जी योजना (VBG RAM-G Scheme) के तहत ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों के सुनिश्चित रोजगार की कानूनी गारंटी मिलेगी। मजदूरी भुगतान सात दिनों के भीतर किया जाएगा। खेती-किसानी को प्रभावित होने से बचाने के लिए बुआई और कटाई के समय 60 दिनों तक कार्य रोके जा सकेंगे, जिससे किसानों को पर्याप्त मजदूर मिल सकें।
इस अधिनियम के अंतर्गत जल सुरक्षा, ग्रामीण अधोसंरचना, आपदा सुरक्षा और आजीविका संवर्धन जैसे चार प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल में मनरेगा के नाम पर बड़े पैमाने पर घोटाले हुए और रोजगार के नाम पर लोगों को गुमराह किया गया। भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि अच्छी योजनाएं राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव होती हैं और भ्रष्टाचार पर रोक लगाती हैं।
भगवान राम का नाम जुड़ा होने से कांग्रेस को पीड़ा : मंत्री नेताम
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए वीबी-जी राम जी योजना (VBG RAM-G Scheme) लागू की है।
कांग्रेस को इस योजना से इसलिए आपत्ति है, क्योंकि इसमें भगवान राम का नाम जुड़ा हुआ है। अभियान के प्रदेश संयोजक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि कांग्रेस इस योजना को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचकर सही जानकारी देंगे।
