रायपुर। राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर से करीब 2 करोड़ रुपये कीमत के आईफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चोरी के मामले में रायपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय कंजर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का सरगना राजेश अजय सिंह झाला और चोरी के आईफोन को खपाने वाला सफान खान शामिल है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से 125 आईफोन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है। मामले में गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में अभियान चला रही हैं।
गिरोह का सरगना राजेश झाला मध्यप्रदेश के देवास जिले का निवासी है। उसके विरुद्ध मध्यप्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक अपराध पंजीबद्ध हैं। पुलिस के अनुसार उसने अपने बेटे राजा झाला और साथी राजेश लोधी के साथ मिलकर रायपुर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी किए गए आईफोन इंदौर निवासी सफान खान को सौंपे गए थे, जो उन्हें दूसरे स्थानों पर खपाने का काम करता था।
शटर उठाकर दुकान से चुराए थे 173 आईफोन और अन्य उपकरण
पुलिस के अनुसार प्रार्थी ऋषभ डागा ने 1 नवंबर 2026 को थाना तेलीबांधा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरम्यानी रात मरीन ड्राइव स्थित आई नैक्स्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर का शटर उठाकर अज्ञात आरोपियों ने करीब 2 करोड़ रुपये कीमत के 173 एप्पल आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड चोरी कर लिए हैं। आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे।
मामले में थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 487/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
छह विशेष टीमों ने संभाली जांच की जिम्मेदारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम काम्बले के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल और पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) रॉबिन्सन गुरिया को आरोपियों की पतासाजी के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
इसके बाद एसीसीयू और थाना तेलीबांधा की टीमों सहित 40 से अधिक पुलिसकर्मियों की छह विशेष टीमें गठित की गईं। टीमों को घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने, रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड की निगरानी करने, अंतरराज्यीय मार्गों और टोल प्लाजा के फुटेज जुटाने, मोबाइल टावरों का विश्लेषण करने तथा देशभर में इसी तरह की चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों के रिकॉर्ड खंगालने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सीसीटीवी फुटेज के सहारे 250 किलोमीटर तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों के फुटेज में एक दोपहिया वाहन पर सवार तीन संदिग्ध दिखाई दिए। रात का समय होने और फुटेज की गुणवत्ता खराब होने के कारण उनकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण था। फुटेज के अनुसार संदिग्ध रात 2.37 बजे घटनास्थल के आसपास पहुंचे और महज आठ मिनट बाद 2.45 बजे वहां से निकल गए।
पुलिस टीम ने लगातार 10 दिनों तक इन संदिग्धों के भागने के रास्ते का पीछा किया। लगभग 250 किलोमीटर तक सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए टीम महाराष्ट्र के नागपुर से पहले मौधा तक पहुंची। इसके बाद संदिग्धों का कोई स्पष्ट फुटप्रिंट नहीं मिला। दीपावली पर्व के दौरान भी पुलिस टीम ने मौधा में कैंप कर जांच जारी रखी।
इस दौरान तकनीकी टीम ने 1100 से अधिक सेल आईडी टावरों और लाखों मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान 1000 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का भी बारीकी से परीक्षण किया गया।
मौधा में मिली चोरी की मोटरसाइकिल से खुला गिरोह का राज
जांच के दौरान महाराष्ट्र के मौधा में कुल्हान नदी के किनारे बिना नंबर की एक संदिग्ध मोटरसाइकिल लावारिस हालत में मिली। उसके इंजन और चेसिस नंबर को मिटाने का प्रयास किया गया था। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि यह मोटरसाइकिल 25 अक्टूबर 2026 को रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।
इस महत्वपूर्ण सुराग से पुलिस को पुष्टि हुई कि संदिग्धों के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके बाद पुलिस ने महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में इसी तरह की एप्पल स्टोर चोरी की घटनाओं और उनमें गिरफ्तार आरोपियों का रिकॉर्ड खंगालना शुरू किया।
जयपुर में एप्पल स्टोर चोरी से जुड़ा मिला कंजर गिरोह का सुराग
डेटा विश्लेषण के दौरान पुलिस को वर्ष 2024 में राजस्थान के जयपुर में हुए एप्पल स्टोर चोरी के मामले की जानकारी मिली। इस घटना में मध्यप्रदेश के देवास और इंदौर क्षेत्र के कंजर गिरोह की संलिप्तता सामने आई थी।
इसी आधार पर देवास पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर राजेश झाला निवासी टोंककला, जिला देवास की पहचान की गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन विस्तृत पूछताछ में उसने अपने बेटे राजा झाला और गांव के ही राजेश लोधी के साथ मिलकर रायपुर में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
उसने बताया कि चोरी किए गए सभी आईफोन इंदौर निवासी सफान खान को सौंपे गए थे।
रेकी के बाद चोरी की मोटरसाइकिल से रायपुर पहुंचे थे आरोपी
पूछताछ में राजेश झाला ने बताया कि 25 अक्टूबर को वह अपने बेटे राजा झाला और सफान खान के साथ बस से रायपुर आया था। यहां सफान खान ने मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर की पहचान कर रेकी की थी। इसके बाद आरोपियों ने जोरा मॉल के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी की और 26 अक्टूबर को उसे महाराष्ट्र के साकोली के पहले जंगल में छिपाकर वापस इंदौर चले गए।
31 अक्टूबर को आरोपी इंदौर से बस के जरिए महाराष्ट्र के साकोली पहुंचे। जंगल में छिपाई गई मोटरसाइकिल लेकर राजेश झाला, उसका बेटा राजा झाला और राजेश लोधी रात में रायपुर पहुंचे और एप्पल स्टोर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
वारदात के बाद आरोपियों ने मोटरसाइकिल को मौधा के पास कुल्हान नदी पुल के नीचे छिपा दिया और दुकान से चोरी किया गया सीसीटीवी डीवीआर नदी में फेंक दिया। इसके बाद बस से इंदौर पहुंचकर चोरी के सभी आईफोन सफान खान को सौंप दिए।
मोबाइल फोन बंद रखकर और चेहरा ढंककर देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में गिरोह की कार्यप्रणाली के संबंध में भी जानकारी सामने आई है। आरोपी अपराध करने के लिए घर से निकलते समय अपने मोबाइल फोन घर पर ही बंद करके छोड़ देते थे, ताकि मोबाइल लोकेशन के आधार पर उनकी पहचान न हो सके। इसके अलावा मोटरसाइकिल चलाते समय चेहरे ढंककर रखते थे और चोरी के वाहनों का इस्तेमाल करते थे, ताकि सीसीटीवी कैमरों में उनकी पहचान न हो सके।
विदेश भागने से पहले मुंबई एयरपोर्ट के पास से सफान खान गिरफ्तार
राजेश झाला की गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद उसके अन्य साथी फरार हो गए। पुलिस के सामने अब चोरी के आईफोन बरामद करने और सफान खान को पकड़ने की चुनौती थी। पुलिस को आशंका थी कि सफान खान विदेश भाग सकता है।
उपनिरीक्षक सतीश पुरिया के नेतृत्व में इंदौर में कैंप कर रही 12 सदस्यीय टीम ने उसके संपर्कों और अंतरराज्यीय गतिविधियों की लगातार निगरानी की। तकनीकी विश्लेषण और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सूचना मिली कि सफान खान मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास मौजूद है।
इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के समन्वय से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे विदेश भागने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से 125 आईफोन बरामद किए गए। इनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 50 लाख रुपये है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रायपुर लाया जा रहा है और उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
बांग्लादेश और नेपाल में चोरी के आईफोन खपाने की आशंका
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या सफान खान कंजर गिरोह के माध्यम से अन्य राज्यों में एप्पल स्टोर में चोरी की घटनाएं करवाता था। प्रारंभिक आसूचना के अनुसार चोरी के आईफोन बांग्लादेश और नेपाल में खपाए जाने की आशंका है। पुलिस शेष चोरी के मोबाइल फोन की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मामले में संगठित अपराध से संबंधित धाराएं जोड़कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। देश के विभिन्न राज्यों में पिछले एक वर्ष के दौरान हुई एप्पल स्टोर चोरी की घटनाओं में इस गिरोह की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- राजेश अजय सिंह झाला (43 वर्ष), निवासी टोंककला, थाना टोंकखुर्द, जिला देवास, मध्यप्रदेश।
- सफान खान (35 वर्ष), निवासी जिला बड़वानी, मध्यप्रदेश।
फरार आरोपी
- राजा झाला, पुत्र राजेश झाला, निवासी टोंककला, जिला देवास, मध्यप्रदेश।
- राजेश लोधी, निवासी टोंककला, जिला देवास, मध्यप्रदेश।
