बच्चों से बुजुर्गों तक सामूहिक शिकार में होते थे शामिल, खेती की सुरक्षा के साथ मेल-मिलाप का भी बनता था अवसर
जगदलपुर/नवप्रदेश। बस्तर के गांवों में धान की कटाई के बाद (Bastar Tribal Culture) खेतों का नजारा कुछ अलग ही होता था। फसल घर पहुंचते ही ग्रामीण कुदाल और फावड़े लेकर खेतों की ओर निकल पड़ते थे। खेतों में बचे धान के दानों और पराली के बीच चूहों के बिल तलाशने का सिलसिला शुरू हो जाता था। देखते ही देखते बच्चे, युवा और बुजुर्ग समूह बनाकर इस पारंपरिक गतिविधि में जुट जाते थे। कभी ग्रामीण जीवन का अभिन्न हिस्सा रही यह परंपरा अब धीरे-धीरे बीते दिनों की याद बनती जा रही है।
धान की कटाई के बाद खेतों में चूहों के बिल आसानी से दिखाई देते थे। ग्रामीण समूह बनाकर बिलों की पहचान करते और कुदाल-फावड़ों से खुदाई कर चूहों को बाहर निकालते थे। इस सामूहिक शिकार में उम्र का कोई बंधन नहीं होता था। बच्चे उत्सुकता से साथ चलते तो बुजुर्ग अपने अनुभव से बिलों की पहचान करने में मदद करते थे। खेतों में घंटों चलने वाली यह गतिविधि ग्रामीणों के लिए मनोरंजन और सामूहिक सहभागिता का भी अवसर होती थी।
फसल की सुरक्षा से जुड़ी थी परंपरा
ग्रामीण जीवन में इस परंपरा का व्यावहारिक महत्व भी था। चूहे खेतों में खड़ी फसल और घरों में भंडारित अनाज को नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसे में कटाई के बाद उनके बिलों की तलाश कर संख्या नियंत्रित करने का प्रयास किया जाता था। इससे खेती-किसानी को नुकसान से बचाने में भी मदद मिलती थी।
बदलते दौर में टूट रही सामूहिकता की कड़ी
समय के साथ खेती के तौर-तरीकों,ग्रामीण जीवनशैली और नई पीढ़ी की रुचियों में बदलाव आया है। पहले जहां पूरा गांव इस गतिविधि में शामिल होता था,वहीं अब कई जगह यह परंपरा सीमित लोगों तक सिमट गई है। खेतों में कुदाल-फावड़े लेकर निकलने वाले ग्रामीणों के समूह अब पहले की तरह दिखाई नहीं देते। खेती से जुड़ी यह परंपरा केवल चूहों के शिकार का तरीका नहीं थी,बल्कि गांव की सामूहिकता,आपसी मेलजोल और पीढ़ियों के बीच अनुभव साझा करने की एक जीवंत मिसाल भी थी।
