- चरू जतरा से पहले फसल समेटने की मजबूरी
- बारिश हुई तो खेत से कूपा तक बर्बादी का खतरा
जगदलपुर/नवप्रदेश। बस्तर के किसानों पर मौसम की मार थमने का नाम नहीं ले रही है। लगातार तीन चक्रवातों (Cyclone) के प्रभाव से उबर भी नहीं पाए थे कि अब चौथे चक्रवात की आशंका ने उनकी चिंता फिर बढ़ा दी है। संभावित बारिश से धान की फसल को बचाने के लिए किसान अब परंपराओं से भी समझौता करने को मजबूर हैं। खेतों में कटी पड़ी फसल हो या कूपा में रखी धान की बालियां, हर तरफ नुकसान का खतरा मंडरा रहा है। यही वजह है कि किसान चरू जतरा का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द मिंजाई में जुट गए हैं।
बस्तर के ग्रामीण अंचलों में खेती-किसानी से जुड़ी परंपराओं का आज भी विशेष महत्व है। इन्हीं में चरू जतरा की परंपरा भी शामिल है। मान्यता के अनुसार,कई गांवों में चरू जतरा संपन्न होने से पहले धान की मिंजाई नहीं की जाती। इस परंपरा का उल्लंघन करने पर ग्रामीणों को दंड भुगतना पड़ता है। लेकिन इस बार मौसम की अनिश्चितता ने किसानों के सामने ऐसी मजबूरी खड़ी कर दी है कि वे दंड भुगतने को भी तैयार हैं। उनका कहना है कि सालभर की मेहनत से तैयार फसल को बचाना फिलहाल सबसे जरूरी है। बारिश में कूपा का धान भीगने से उसके खराब होने और गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा है।
घर तक सुरक्षित फसल पहुंचाने की चुनौती
लगातार मौसम की मार झेल रहे किसानों के लिए इस बार खेत से धान समेटकर सुरक्षित घर तक पहुंचाना बड़ी चुनौती बन गया है। चौथे चक्रवात की आशंका के बीच उनकी निगाहें आसमान पर टिकी हैं। किसान चाहते हैं कि संभावित बारिश से पहले मिंजाई का काम पूरा हो जाए, ताकि मेहनत की कमाई बर्बाद न हो। दूसरी ओर धान बेचने की तैयारी कर रहे किसान उपार्जन केंद्रों में धान बेचने के लिए टोकन जारी होने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में बस्तर का किसान एक तरफ मौसम की मार और दूसरी तरफ परंपरा व सरकारी खरीदी की प्रक्रिया के बीच अपनी उपज बचाने की जद्दोजहद में जुटा है।
