न्यू नंदी ज्वेलर्स में चोरी का खुलासा, दो आरोपी और एक नाबालिग गिरफ्तार

रायपुर। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर स्थित न्यू नंदी ज्वेलर्स में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के जेवरात, सिक्के, कटोरी, चम्मच और गिलास सहित करीब 4.50 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है। घटना में प्रयुक्त मेस्ट्रो दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, न्यू नंदी ज्वेलर्स के संचालक अजय मंडल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 31 अगस्त की रात करीब 8.30 बजे दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 11 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का एक तरफ का ताला टूटा हुआ था। शटर उठाकर अंदर प्रवेश करने पर दुकान से चांदी के विभिन्न जेवरात, सिक्के और चांदी के बर्तन गायब मिले। इसकी कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई थी। शिकायत पर पुरानी बस्ती थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही चोरी और नकबजनी के पुराने मामलों में संलिप्त आरोपियों तथा हाल ही में जेल से छूटे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। इसी दौरान पुलिस को कबीर नगर निवासी संजय चौहान के घटना की रात घटनास्थल के आसपास संदिग्ध रूप से देखे जाने की जानकारी मिली।
पुलिस ने संजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने एक साथी के साथ मिलकर ज्वेलरी दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। उसने चोरी के कुछ जेवरात अपने साथी होरी लाल पंकज को देने की बात भी बताई। इसके बाद पुलिस ने होरी लाल पंकज और एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को भी पकड़ लिया।
पुलिस ने तीनों के कब्जे से चोरी की चांदी, चांदी के सिक्के, कटोरी, चम्मच और गिलास समेत करीब 4.50 लाख रुपये का सामान बरामद किया। घटना में प्रयुक्त मेस्ट्रो वाहन भी जब्त किया गया है।
आरोपी संजय पर पहले से कई मामले
पुलिस के मुताबिक, संजय चौहान शातिर चोर है। उसके खिलाफ डी.डी. नगर, कोतवाली, गुढ़ियारी समेत अन्य थाना क्षेत्रों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वह इन मामलों में जेल भी जा चुका है। वहीं, होरी लाल पंकज के खिलाफ सरस्वती नगर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है और वह इस प्रकरण में फरार चल रहा था। पुलिस अब उस मामले में भी उसकी गिरफ्तारी की कार्रवाई करेगी।
गिरफ्तार आरोपी
1. संजय चौहान (30), निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, कबीर नगर, रायपुर।
2. होरी लाल पंकज (36), निवासी एलआईजी 1419 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सड्डू, रायपुर।
3. विधि के साथ संघर्षरत एक बालक।



