बिजनेस

Unemployment Rate November 2025 : 7 माह के निचले स्तर पर पहुंची देश की बेरोजगारी दर, ग्रामीण क्षेत्रों में 3.9 प्रतिशत का नया रिकॉर्ड

देश में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए बेरोजगारी दर (Unemployment Rate November 2025) नवंबर महीने में घटकर 4.7 प्रतिशत पर पहुंच गई है, जो बीते सात महीनों का सबसे निचला स्तर है। अक्टूबर 2025 में यह दर 5.2 प्रतिशत दर्ज की गई थी।

https://youtu.be/F9poNQALsdo

सांख्यिकीय और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2025 के बाद यह बेरोजगारी दर का सबसे कम स्तर माना जा रहा है, जो श्रम बाजार में मजबूती का संकेत देता है।

मंत्रालय ने बताया कि नवंबर 2025 में ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी दर (Unemployment Rate November 2025) घटकर 3.9 प्रतिशत के नए निचले स्तर पर पहुंच गई, जबकि शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी दर 6.5 प्रतिशत रही।

शहरी बेरोजगारी दर का यह स्तर अप्रैल 2025 में दर्ज किए गए पिछले निचले स्तर के बराबर है। अप्रैल 2025 में कुल बेरोजगारी दर 5.1 प्रतिशत थी। विशेषज्ञों के अनुसार, ग्रामीण रोजगार में वृद्धि, महिलाओं की कार्यबल में बढ़ती भागीदारी और शहरी क्षेत्रों में श्रम मांग में धीरे-धीरे हो रहा सुधार इस गिरावट के प्रमुख कारण हैं।

नवंबर 2025 में महिलाओं और पुरुषों दोनों की बेरोजगारी दर (Unemployment Rate November 2025) में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई। महिलाओं की बेरोजगारी दर अक्टूबर 2025 के 5.4 प्रतिशत से घटकर नवंबर में 4.8 प्रतिशत रह गई। यह गिरावट ग्रामीण और शहरी महिलाओं दोनों में दर्ज की गई, जहां ग्रामीण महिलाओं की बेरोजगारी दर 4.0 प्रतिशत से घटकर 3.4 प्रतिशत और शहरी महिलाओं की बेरोजगारी दर 9.7 प्रतिशत से घटकर 9.3 प्रतिशत पर आ गई।

इसी तरह पुरुषों की बेरोजगारी दर (Unemployment Rate November 2025) भी अक्टूबर की 5.1 प्रतिशत से घटकर नवंबर में 4.6 प्रतिशत रह गई। ग्रामीण पुरुषों की बेरोजगारी दर 4.1 प्रतिशत और शहरी पुरुषों की 5.6 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि अक्टूबर 2025 में ये आंकड़े क्रमशः 4.6 प्रतिशत और 6.1 प्रतिशत थे। अप्रैल से नवंबर 2025 के बीच बेरोजगारी दर में आई यह गिरावट ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक स्पष्ट रही है।

https://youtu.be/tScuPyla4kY

श्रमिक जनसंख्या अनुपात में भी सुधार

15 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए श्रमिक जनसंख्या अनुपात (WPR) में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिला है। ग्रामीण क्षेत्रों में डब्ल्यूपीआर अप्रैल 2025 के 55.4 प्रतिशत से बढ़कर नवंबर 2025 में 56.3 प्रतिशत हो गया। इसी अवधि में समग्र डब्ल्यूपीआर 52.8 प्रतिशत से बढ़कर 53.2 प्रतिशत पर पहुंच गया।

शहरी डब्ल्यूपीआर मुख्य रूप से स्थिर बना रहा। ग्रामीण महिलाओं का डब्ल्यूपीआर अप्रैल 2025 के 36.8 प्रतिशत से बढ़कर नवंबर 2025 में 38.4 प्रतिशत हो गया, जिससे समग्र महिला डब्ल्यूपीआर भी 32.5 प्रतिशत से बढ़कर 33.4 प्रतिशत तक पहुंच गया। ये आंकड़े (Unemployment Rate November 2025) के संदर्भ में रोजगार बाजार में सकारात्मक रुझान को दर्शाते हैं।

Related Articles

Back to top button