TET Exam Guidelines : परीक्षा से पहले बदले नियम, 1 फरवरी को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर सख्त निर्देश जारी

TET Exam Guidelines

TET Exam Guidelines

परीक्षा से पहले की एक छोटी चूक महीनों की मेहनत पर भारी पड़ सकती है। इसी आशंका को देखते हुए परीक्षा से जुड़ी संस्था ने समय, पहनावे और प्रवेश को लेकर ऐसे निर्देश जारी किए हैं, जिनका पालन करना हर अभ्यर्थी के लिए अनिवार्य होगा।

रायपुर से जारी जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ में शिक्षक बनने की तैयारी (TET Exam Guidelines) कर रहे अभ्यर्थियों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन 1 फरवरी को किया जाएगा। यह परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी, जिसके लिए व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि अभ्यर्थी परीक्षा से एक दिन पहले अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन अवश्य कर लें, ताकि परीक्षा दिवस किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच और फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र से सत्यापन किया जाएगा।

परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे शुरू होगी, जिसके लिए मुख्य द्वार 9 बजे बंद कर दिया जाएगा। वहीं दूसरी पाली दोपहर 3 बजे प्रारंभ होगी और प्रवेश द्वार 2:30 बजे बंद कर दिया जाएगा।

पहनावे को लेकर भी सख्त नियम तय किए गए हैं। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर (TET Exam Guidelines) आना होगा। गहरे रंग के कपड़े प्रतिबंधित रहेंगे। साधारण स्वेटर की अनुमति होगी, लेकिन जांच के समय उसे उतारकर दिखाना अनिवार्य रहेगा। धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय पहले केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा।

फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति दी गई है। कान में किसी भी प्रकार के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, मोबाइल फोन, पर्स, बेल्ट, टोपी या किसी भी संचार उपकरण को परीक्षा कक्ष में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर अभ्यर्थिता तत्काल समाप्त (TET Exam Guidelines) की जा सकती है। उत्तर लिखने के लिए केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन की अनुमति होगी। परीक्षा मंडल ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।