WhatsApp Blocked In Russia : एक झटके में बंद हुआ सबसे बड़ा चैट प्लेटफॉर्म, रूस ने यूजर्स को दूसरे रास्ते पर मोड़ा

मास्को में रूसी सरकार ने अमेरिकी कंपनी Meta के स्वामित्व वाले लोकप्रिय मैसेजिंग एप WhatsApp को देश में पूरी तरह ब्लॉक (WhatsApp Blocked In Russia) कर दिया है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने साफ कहा कि कंपनी ने रूसी कानूनों का पालन नहीं किया, इसी कारण यह कठोर कदम उठाया गया।
सरकार की ओर से नागरिकों को अब एक नए विकल्प की ओर मोड़ा जा रहा है। पेसकोव ने बताया कि सरकार समर्थित मैसेंजर ‘मैक्स’ को “राष्ट्रीय मैसेंजर” के रूप में विकसित किया जा रहा है और आम लोगों के लिए इसे भरोसेमंद विकल्प बनाया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि देश के भीतर डेटा सुरक्षा और नियमों के पालन के लिए घरेलू प्लेटफॉर्म जरूरी हैं।
रूसी प्रशासन ने दो टूक शब्दों में कहा है कि विदेशी तकनीकी कंपनियों को देश के कानूनों का सम्मान करना ही होगा, अन्यथा उन्हें रूसी बाजार से बाहर (WhatsApp Blocked In Russia) होना पड़ेगा। हालांकि, सरकारी समाचार एजेंसी तास से बातचीत में पेसकोव ने यह भी संकेत दिया कि यदि नियमों का पालन किया गया, तो व्हाट्सएप पर लगी रोक में ढील संभव है।
गौरतलब है कि रूस में सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर यह पहली सख्ती नहीं है। इससे पहले स्नैपचैट, इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म्स पर भी प्रतिबंध लगाया जा चुका है। अगस्त से ही धोखाधड़ी और आतंकवाद को बढ़ावा देने के आरोपों के चलते व्हाट्सएप समेत अन्य मैसेंजर सेवाओं के जरिए कॉलिंग पर रोक लगी हुई थी।
व्हाट्सएप की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कंपनी रूसी यूजर्स को आपस में जोड़े रखने के प्रयास जारी रखेगी। हालांकि, प्रतिबंध के बाद रूस में कई डोमेन नेम रजिस्टर (WhatsApp Blocked In Russia) से हट गए, जिससे एप सीधे तौर पर काम करना बंद कर गया। फिलहाल यूजर्स केवल वीपीएन के जरिए ही इसकी सीमित पहुंच बना पा रहे हैं।
रूस के संचार नियामक Roskomnadzor ने पिछले कुछ महीनों में व्हाट्सएप पर चरणबद्ध तरीके से पाबंदियां बढ़ाई थीं। अब पूर्ण प्रतिबंध के साथ यह साफ हो गया है कि रूस डिजिटल क्षेत्र में भी अपनी शर्तों पर ही आगे बढ़ना चाहता है।



