AgriStack Registration India : एग्रीस्टैक पंजीयन जरूरी, 21 हजार किसान पीएम किसान योजना से हो सकते हैं वंचित

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में बड़ी संख्या में किसान अभी तक एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन (AgriStack Registration India) नहीं करा पाए हैं, जिसके कारण उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ से वंचित होना पड़ सकता है। जिला प्रशासन के अनुसार करीब 21 हजार किसान अब तक एग्रीस्टैक में पंजीकृत नहीं हैं, जबकि योजना का लाभ लेने के लिए यह पंजीयन अनिवार्य कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक जिले में 80 हजार से अधिक सक्रिय किसान पंजीकृत हैं। इनमें से लगभग 60 हजार से ज्यादा किसानों ने एग्रीस्टैक पोर्टल पर अपना पंजीयन पूरा कर लिया है, लेकिन बड़ी संख्या में किसान अभी भी इस प्रक्रिया से बाहर हैं।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एग्रीस्टैक के जरिए प्रत्येक किसान की डिजिटल प्रोफाइल तैयार (AgriStack Registration India) की जाती है, जिसमें जमीन, फसल, बैंक खाते और आधार से जुड़ी जानकारी एक साथ दर्ज रहती है। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजना आसान हो जाता है और फर्जी या डुप्लीकेट लाभार्थियों की पहचान भी की जा सकती है।
अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित अन्य कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए एग्रीस्टैक में पंजीयन जरूरी है। यदि किसान समय रहते पंजीयन नहीं कराते हैं, तो उन्हें सालाना मिलने वाली 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता से वंचित होना पड़ सकता है।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द एग्रीस्टैक पोर्टल में अपना पंजीयन (AgriStack Registration India) कराएं। इसके लिए किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, विकासखंड कार्यालय या नजदीकी CSC (कॉमन सर्विस सेंटर) से संपर्क कर सकते हैं।



