Adi Lokotsav 2025 : लोकसंस्कृति, जनजातीय गौरव और राष्ट्रबोध का संगम बना आदि लोकोत्सव : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज गोवा के आदर्श ग्राम अमोन, पोंगुइनिम में आयोजित आदि लोकोत्सव पर्व–2025 (Adi Lokotsav 2025) में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने लोकोत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि आदि लोकोत्सव लोकसंस्कृति, जनजातीय गौरव और राष्ट्रबोध का जीवंत संगम है, जो भारत की आत्मा और सांस्कृतिक चेतना को मजबूती प्रदान करता है। कार्यक्रम में गोवा के कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. रमेश तावड़कर सहित बड़ी संख्या में देशभर से आए कलाकार और जनजातीय प्रतिनिधि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आदि लोकोत्सव (Adi Lokotsav 2025) की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन देश की आदिम संस्कृति से जुड़ने का सशक्त माध्यम है। भारत गांवों का देश है और गांव हमारी आत्मा हैं। लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक वाद्ययंत्र और सांस्कृतिक परंपराएं ही हमारी असली पहचान हैं, जिन्हें सहेजना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवा सरकार पिछले 25 वर्षों से जनजातीय लोकसंस्कृति को संरक्षित करने का प्रशंसनीय कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में आदि लोकोत्सव (Adi Lokotsav 2025) और अधिक भव्य स्वरूप में आयोजित होगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि जनजातीय इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। बिरसा मुंडा ने अल्पायु में अंग्रेजों को चुनौती देकर देश के स्वतंत्रता संग्राम में अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय सेनानियों को सम्मान, पहचान और राष्ट्रीय गौरव दिलाने का कार्य हुआ है।
मुख्यमंत्री ने रानी दुर्गावती के शौर्य और बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि उनके सम्मान में जबलपुर में निर्मित संग्रहालय जनजातीय वीरता का स्थायी प्रतीक है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों — शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुण्डाधुर और गेंद सिंह — के योगदान को याद करते हुए कहा कि इन महापुरुषों ने देश की आज़ादी के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन वीरों की स्मृति को संरक्षित करने के लिए नया रायपुर में देश का पहला शहीद वीर नारायण सिंह डिजिटल संग्रहालय स्थापित किया गया है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर किया। उन्होंने आदि लोकोत्सव (Adi Lokotsav 2025) में उपस्थित सभी जनों को छत्तीसगढ़ आकर इस संग्रहालय को देखने का आमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय समाज के लिए यह गौरव का विषय है कि आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर भी जनजातीय समाज की बेटी आसीन हैं। उन्होंने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और प्रधानमंत्री जनमन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार जनजातीय समाज के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब नक्सल प्रभावित राज्य की छवि से बाहर निकलकर शांति, विकास और निवेश के नए युग में प्रवेश कर चुका है। नई औद्योगिक नीति के तहत राज्य को अब तक लगभग 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जो प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय कर रहे हैं।



