शहर

Bus Accident : ट्रेनी पुलिस जवानों से भरी बस 15 फीट खाई में जा गिरी, 12 घायल, 4 गंभीर

अंबिकापुर/नवप्रदेश। Bus Accident : छत्तीसगढ़ के मैनपाट में शनिवार सुबह ट्रेनी पुलिस जवानों से भरी बस सड़क किनारे 15 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 12 जवान घायल हुए, जबकि 4 गंभीर हैं। सभी को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, मैनपाट स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल से 38 ट्रेनी जवानों को लेकर यह गाड़ी मुंगेली रवाना हुई थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यक्रम में जवानों को वहां ड्यूटी देनी थी। इसी दौरान अमगांव के पास मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे खाई में लुढ़कती चली गई। गनीमत रही कि नीचे जाकर बस पेड़ में फंस गई। राहगीरों ने हादसा होते देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद जवानों को बाहर निकाला गया और अस्पताल लेकर गए।

जवानों और चालक के बयानों में विरोधाभास

दरअसल, इस एक्सीडेंट (Bus Accident) में पुलिस जवानों और गाड़ी चालक के बयान में विरोधाभास है। पुलिस का कहना है कि चालक बस को काफी तेज रफ्तार में चला रहा था। इसके चलते मोड़ पर अनियंत्रित हो गई और चालक संभाल नहीं पाया। हादसे में जवानों को ज्यादा चोट नहीं आई है। वहीं, बस चालक मुंगेलीलाल का कहना है कि बस का ब्रेक फेल हो गया था। इसके चलते वह नियंत्रित नहीं कर सका। हालांकि, बस चालक पूरी तरह से सुरक्षित है। उसे चोट नहीं आई है। पीटीएस के एस.पी. रवि कुमार ने कहा कि सभी जवान ठीक हैं।

150 जवानों की लगी ड्यूटी

पुलिस ट्रेनिंग स्कूल से 150 जवानों को सीएम के कार्यक्रम के लिए मांगा गया था। इसके लिए मुंगेली से ही 4 प्राइवेट बसें भेजी गईं। इनमें से 2 बसें कल रात को करीब 70-80 जवानों को लेकर लौट गईं। दो बसें शनिवार सुबह जवानों को लेकर जा रही थीं। इनमें जो बस पीछे थी वह अनियंत्रित होकर पलटी।

ड्राइवर ने रातभर भी चलाई बस

एसपी का कहना है कि ड्राइवर मैदानी इलाके में बस चलाना जानता है। पहाड़ी इलाके में बस पर नियंत्रण (Bus Accident) नहीं रख सका। वह मुंगेली से रात भर बस चलाकर सुबह ही पीटीएस पहुंचा था। रास्ते में नींद न आए, इसके लिए भी उसे नहाने और खाना खिलाने के बाद रवाना किया गया। बाकी हादसे को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button