संपादकीय: नई दिल्ली की सीएम की सुरक्षा में गंभीर चूक

संपादकीय: नई दिल्ली की सीएम की सुरक्षा में गंभीर चूक

Serious lapse in security of New Delhi CM

Serious lapse in security of New Delhi CM


Editorial: नई दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सुरक्षा में गंभीर चूक का मामला सामने आया है जो चिंता का विषय है। नई दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता अपने मुख्यमंत्री आवास पर जनदर्शन कार्यक्रम के तहत आम जनता की समस्याएं सुन रही थी तभी वहां पहुंचे राजेश भाई नामक व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया। मुख्यमंत्री को कागजात सौंपने के दौरान उसने सीएम रेखा गुप्ता के साथ न सिर्फ अभद्र व्यवहार किया बल्कि उनका हाथ पकड़कर उन्हें खींच दिया। इस हाथापाई के चलते सीएम रेखा गुप्ता को मामूली चोट आई जिसका तत्काल उपचार कराया गया।

आरोपी व्यक्ति को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। इस हमले के कारणों का खुलासा तो जांच के बाद ही हो पाएगा, लेकिन मुख्यमंत्री निवास में सीएम रेखा गुप्ता पर हुए हमले से उनकी सुरक्षा में गंभीर चूक उजागर हुई है। इसे लेकर कई सवाल खड़े किये जा रहे हैं। नई दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी सहित कांग्रेस के भी कई नेताओं ने मुख्यमंत्री पर हुए हमले की घटना की कड़ी निंदा की है और यह कहा है कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है

इसी के साथ ही विपक्षी नेताओं ने यह तंज भी कसा है कि जिस प्रदेश की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं है उस प्रदेश के लोगों और खासतौर पर महिलाओं की सुरक्षा कैसी होगी इसका सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। इधर भाजपा नेताओं ने नई दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर हुए हमले के पीछे राजनीतिक विद्वेष की संभावना जाहिर की है। उनका कहना है कि महीने में दो बार जनता दरबार लगाकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आम जनता से रूबरू होती है और उनकी समस्याओं का समाधान करती हैं इससे चिढ़ कर विरोधी उनपर हमले का षडयंत्र रच सकते हैं।