SDM Clerk : 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए एसडीएम कार्यालय का बाबू पकड़ाया

SDM Clerk

SDM Clerk

एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर ने रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ के एसडीएम कार्यालय के एक बाबू (SDM Clerk) को एक लाख रुपये रिश्वत लेते पकड़ा है। आरोपित ने पकड़े जाने के भय से रुपये अपने सरकारी आवास के पीछे फेंक दिए थे। रुपये बरामद कर आरोपित पर भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

ग्राम अमली टिकरा, तहसील धरमजयगढ़, जिला रायगढ़ निवासी राजू कुमार यादव द्वारा एसीबी इकाई बिलासपुर में इसकी शिकायत की गई थी कि उसने अपने नाम पर ग्राम अमली टिकरा में एक जमीन खरीदी थी।

उक्त जमीन का रजिस्ट्री उपरांत नामांतरण भी उसके नाम पर हो चुका है। एसडीएम कार्यालय धरमजयगढ़ के बाबू (SDM Clerk) अनिल कुमार चेलक द्वारा उसे बुलाकर कहा गया कि जिस जमीन को वह खरीदा है वह गलत तरीके से रजिस्ट्री हुई है। जिसके संबंध में उसके खिलाफ और विक्रेता के खिलाफ एक शिकायत हुई है। अनावेदक ने उसे बाद में बुलाकर मिलने को कहा।

22 दिसंबर को अनावेदक द्वारा उसे मिलने के लिए बुलाया गया। जिस पर वह 23 दिसंबर को पीड़ित से जाकर मिला, तो अनावेदक बाबू अनिल चेलक द्वारा उससे शिकायत को नस्तीबद्ध करने के बदले में दो लाख रुपये की मांग की जा रही थी।

पीड़ित बाबू अनिल चेलक को रिश्वत में 2 लाख रुपये नहीं देना चाहता था, बल्कि उसे रिश्वत लेते हुए पकड़वाना चाहता था। शिकायत का सत्यापन कराने पर शिकायत सही पाई गई। सत्यापन के दौरान प्रथम किस्त में एक लाख रुपये लेने के लिए सहमति आरोपित अनिल चेलक द्वारा दी गई, जिस पर ट्रैप की योजना तैयार की गई।

प्रार्थी द्वारा व्यवस्था की गई राशि 1 लाख आरोपित को देने उसके धरमजयगढ़ स्थित शासकीय आवास में भेजी गई। रिश्वत की राशि 1,00,000 रुपए बाबू अनिल चेलक द्वारा अपने हाथ में लेने के बाद कुछ संदेह होने पर तुरंत आवास का दरवाजा बंद कर लिया और दरवाजा नहीं खोला।

लगातार प्रयास के बाद एसीबी टीम द्वारा दरवाजे को जोर से धक्का देने पर अंततः दरवाजा खुल गया। आवास में आरोपित के मिलने पर पहले वह रकम के बारे में कुछ नहीं बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि 1 लाख रुपये उसने अपने आवास के पीछे दीवार के पीछे बैग में डालकर फेंक दिए थे। बहरहाल, अनिल कुमार चेलक के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर, आरोपित रिश्वतखोर बाबू के विरुद्ध धारा 7, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत कार्यवाही की गई है।

You may have missed