Road Accidents : 19 हजार लोगों की मौत और मौत और 35,761 घायलों की खून से लाल हुई प्रदेश की सड़कें
Road Accidents
राज्य में सड़क हादसे (Road Accidents) की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2023 से 15 नवंबर 2025 तक कुल 41,829 दुर्घटना के प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें 35,761 वाहन सवार गंभीर रूप से घायल हुए और 19,066 लोगों की मौत हुई।
वर्ष 2023 में 13,468 दुर्घटनाओं में 11,723 लोग गंभीर रूप से घायल हुए और 6,166 लोगों की मौत हुई। 2024 में यह संख्या बढ़कर 14,857 दुर्घटनाओं में 12,484 घायल और 6,945 मृतकों तक पहुंच गई। वर्ष 2025 में 13,504 दुर्घटनाओं में 11,554 लोग घायल और 5,955 मौतें हुईं।
राज्य में पंजीकृत वाहनों की संख्या अक्टूबर 2025 तक 90,56,532 हो चुकी है। वाहन संख्या में वृद्धि, सड़कों की बेहतर स्थिति, तेज गति, शराब पीकर वाहन चलाना, हेलमेट और सीट बेल्ट का पालन न करना, और परमिट शर्तों का उल्लंघन जैसी लापरवाहियां [Road Accidents] बढ़ने का मुख्य कारण हैं।
कैमरे और निगरानी से सुरक्षा बढ़ाना
लगातार हो रही दुर्घटनाओं (Road Accidents) को रोकने के लिए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर कड़ी कार्रवाई शुरू की है। इसके बावजूद हादसों में कमी नहीं आई। अब विभिन्न राजमार्गों पर 84 कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि नियम तोड़ने वाले वाहनों की तुरंत पहचान हो सके। ओवरलोड वाहनों को रोकने के लिए 16 स्टेटिक वे ब्रिज स्थापित किए गए हैं।
अनफिट वाहनों की जांच
अनफिट वाहन से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर, अंबिकापुर, राजनांदगांव, रायगढ़ और कोरबा में आटोमेटेड फिटनेस स्टेशन स्थापित किए गए हैं। जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, सूरजपुर, धमतरी, कांकेर और बालोद जिलों में भी एटीएस निर्माण प्रस्तावित है।
हाईवे पेट्रोलिंग और अपील
सड़क हादसों को कम करने के लिए हाईवे पेट्रोलिंग को अलर्ट किया गया है। वाहन चालकों से लगातार अपील की जा रही है कि वे नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट जरूर पहनें और शराब पीकर वाहन न चलाएं।
अतिरिक्त परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर ने कहा कि राज्य सरकार सभी उपाय कर रही है ताकि दुर्घटनाओं की संख्या में कमी लायी जा सके। सड़क सुरक्षा माह के दौरान जनजागरण अभियान चलाकर नागरिकों को सुरक्षित ड्राइविंग की जानकारी दी जाएगी। राज्य में वाहन चालक और आम नागरिकों की जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ कड़ी निगरानी के जरिए यह प्रयास किया जाएगा कि सड़कें सुरक्षित और दुर्घटना रहित बनी रहें।
फैक्ट फाइल
वर्ष दुर्घटना के प्रकरण संख्या गंभीर घायलों की संख्या मृतकों की संख्या
2023 13,468 11,723 6,166
2024 14,857 12,484 6,945
2025 13,504 11,554 5,955
योग 41,829 35,761 19,066
