North India Fog : ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड, घने कोहरे और शीतलहर की चपेट में उत्तर भारत, ट्रेनों-विमानों की रफ्तार थमी

North India Fog

North India Fog

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में अचानक आए बदलाव ने उत्तर भारत को ठंड की भीषण मार झेलने पर मजबूर कर दिया है। शुक्रवार को पंजाब से बिहार तक फैले हजारों किलोमीटर के क्षेत्र में घना कोहरा और शीतलहर हावी रही।

कई हिस्सों में दृश्यता शून्य पर पहुंच गई, जिससे लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। रेल, सड़क और वायु यातायात पर गहरा असर पड़ा है और दर्जनों उड़ानें व ट्रेनें देरी से या रद्द हुईं। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट (Red Alert) और उत्तर प्रदेश के कई शहरों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है।

किसी-किसी इलाके में दृश्यता शून्य

आइएमडी के अनुसार शुक्रवार सुबह 5.30 बजे तक आगरा, बरेली, सहारनपुर, गोरखपुर, अंबाला, अमृतसर, बठिंडा, लुधियाना, ग्वालियर, भागलपुर और डाल्टनगंज जैसे शहरों में दृश्यता शून्य दर्ज की गई। लगातार जमा देने वाली हवा और कोहरे के कारण पश्चिमी यूपी, मध्य यूपी और पूर्वांचल तक गलन छाई रही। वाराणसी में सुबह 10 बजे तक दृश्यता 100 मीटर तक सीमित रही। मेरठ और आसपास के जिलों में कोहरे ने दूसरे दिन भी दोपहर तक सूरज को ढका रखा।

मध्य प्रदेश का ग्वालियर-चंबल अंचल भी घने कोहरे की जद में रहा, जहां सुबह नौ बजे तक सड़कों पर दृश्यता 100 मीटर से भी कम थी। बरेली मंडल में आठवीं तक के सभी स्कूल 20 दिसंबर तक बंद कर दिए गए हैं। कई जिलों में स्कूलों का समय बदला गया है।

कोहरे का रेल यातायात पर प्रभाव

दिल्ली आने वाली 40 से अधिक ट्रेनें दो घंटे या उससे अधिक विलंब से पहुंचीं। भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया, जबकि संभलपुर एक्सप्रेस पांच घंटे देर से पहुंची। शताब्दी और वंदे भारत सहित कई प्रमुख ट्रेनें औसतन 45 मिनट देरी से चलीं। उत्तर प्रदेश के बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं में गुरुवार रात से छाया कोहरा शुक्रवार दोपहर तक बना रहा। इस दौरान आठ ट्रेनें भी रद्द करनी पड़ीं।

फ्लाइट संचालन बाधित

दिल्ली के आइजीआइ एयरपोर्ट पर गुरुवार रात ढाई बजे से शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक दृश्यता 50 मीटर तक पहुंच गई। वाराणसी एयरपोर्ट से 28 उड़ानों को रद्द करने की घोषणा सुबह ही कर दी गई थी। एअर इंडिया की मुंबई-वाराणसी उड़ान को घने कोहरे की वजह से भुवनेश्वर में डायवर्ट करना पड़ा।

दिल्ली-पंतनगर मार्ग की दो उड़ानें रद्द की गईं। देहरादून एयरपोर्ट पर दिल्ली, पुणे, बेंगलुरु समेत आठ उड़ानें एक से डेढ़ घंटे की देरी से पहुंचीं। एयरलाइंस ने चेतावनी दी है कि प्रभावित क्षेत्रों में आने-जाने वाली उड़ानों पर कोहरे का असर जारी रह सकता है।

कोहरे के स्तर — कब क्या दिखता है?

बहुत घना कोहरा: 0 से 50 मीटर दृश्यता

घना कोहरा: 51 से 200 मीटर

मध्यम कोहरा: 201 से 500 मीटर

हल्का कोहरा: 501 से 1,000 मीटर

मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और वाहन चलाते समय फॉग लाइट के उपयोग की सलाह दी है। विशेषज्ञों की मानें तो शीतलहर और कोहरे का यह दौर आने वाले दिनों में और तीव्र हो सकता है।

You may have missed